2011-08-22 12:47:03

तम्बुचेत्ती पाल्या का गिरजाघर धन्य पोप जोन पौल द्वितीय के नाम


बंगलोर, 22 अगस्त, 2011(कैथन्यूज़) बंगलोर के महाधर्माध्यक्ष बेर्नड मोरास ने बंगलोर के निकट चनासन्द्रा के तम्बुचेत्ती पाल्या के गिरजाघर को धन्य पोप जोन पौल द्वितीय को समर्पित किया।

कैथन्यूज़ के अनुसार महाधर्माध्यक्ष ने 20 अगस्त को तम्बुचेत्ती में एक झंडा फहराया और एक स्मारक पत्र का अनावरण कर नये गिरजाघर को धन्य जोन पौल द्वितीय के नाम कर दिया।

विदित हो कि महाधर्माध्यक्ष मोरास को संत पापा जोन पौल द्वितीय ने ही महाधर्माध्यक्ष बनाया था।

ग़ौरतलब है कि तम्बुचेत्ती का गिरजाघर को धन्य संत पापा जोन पौल द्वितीय के नाम पहले गिरजाघर के रूप में समर्पित होने का गौरव प्राप्त हुआ है।

महाधर्माध्यक्ष ने धन्य संत पापा जोन पौल की सराहना करते हुए कहा " धन्य जोन पौल का जीवन प्रार्थनामय रहा और उनके दिल में पुरोहितों, धर्माध्यक्षों और युवाओं के लिये विशेष जगह थी।

धन्य जोन पौल भारतीय काथलिक कलीसिया के विशेष चिंता करते थे और वे व्यक्तिगत रूप से प्रत्येक धर्माध्यक्ष की देख-भाल करते थे।"

उन्होंने कहा कि संत पापा सबों के लिये पितातुल्य थे और सारा जगत् उनसे प्यार करता था।

महाधर्माध्यक्ष मोरास ने यह भी बताया कि धन्य जोन पौल द्वितीय, ईश्वरीय बुलाहट पर बहुत बल देते थे। उनका दृढ़ विश्वास था कि परिवार ही कलीसिया की नींव है और अगर परिवार धन्य हो तो पूरा संसार ही कृपाओं से भर जायेगा।

तम्बुचेत्ती पालय बंगलोर महाधर्माप्रांत का नया पल्ली है जिसके लिये फादर अल्फोंस भाष्कर को प्रथम पल्ली पुरोहित के रूप में नियुक्त किया गया है।

कैथन्यूज़ के अनुसार नये पल्ली के उद्धाटन समारोह में बड़ी संख्या में धर्मसमाजी और लोकधर्मी उपस्थित थे।











All the contents on this site are copyrighted ©.