2011-08-20 12:20:34

मैडरिडः स्पेन यात्रा का दूसरा दिन "क्रूस रास्ते" से अपने चरम पर


मैडरिड, 20 अगस्त सन् 2011 (सेदोक): स्पेन में विश्व युवा दिवस के लिये जारी सन्त पापा बेनेडिक्ट 16 वें की प्रेरितिक यात्रा शुक्रवार सन्ध्या क्रूस रास्ते से अपने चरमोत्कर्ष पर पहुँची।

गुरुवार और शुक्रवार के दिन युवाओं के उत्साह, उमंग, शोर शराबे और हर तरह के उल्लसित कोलाहल से समाप्त हुए किन्तु शुक्रवार को मैडरिड के प्लाज़ा दे सिबेलेस में आयोजित क्रूस मार्ग की शोभा यात्रा में भाग लेनेवालों ने एक अजीब मौन का अनुभव किया। विभिन्न देशों, सामाजिक दलों, बेरोज़गारों तथा उत्पीड़ित लोगों के विश्व प्रतिनिधियों ने बारी बारी काठ के क्रूस को उठाया और शोभा यात्रा की अगवानी की।

समाचारों में बताया गया कि लाखों श्रद्धालु पंक्तिबद्ध रीति से शोभा यात्रा में इस क़दर शामिल हुए जैसे उसी क्षण प्रभु येसु ख्रीस्त क्रूस उठा रहे थे तथा शोकाकुल भीड़ प्रार्थना में लीन उनके पीछे पीछे चल रही थी। पारागुए के एक तीर्थयात्री रिकार्डो रामीरेज़ ने कहा, "वह एक अद्वितीय अनुभव रहा, एक अविस्मरणीय अनुभव। ऐसा लगा मानो हम अगस्त के महीने में एक बार फिर पुण्य सप्ताह में चले गये और हमने पुण्य शुक्रवार के दिन प्रभु येसु के दुखभोग एवं क्रूसमरण पर मिलकर शोक मनाया।"

क्रूस मार्ग के समय पढ़ी गई प्रार्थनाओं में युद्ध के शिकार युवाओं, निर्धनता और यौन दुराचार के शिकार व्यक्तियों के लिये, विशेष प्रार्थनाएँ शामिल थीं। पवित्र भूमि में शांति तथा मानव जीवन की सुरक्षा हेतु भी प्रार्थनाएँ अर्पित की गई।








All the contents on this site are copyrighted ©.