2011-07-28 16:43:22

अमरीका में वाटिकन के प्रेरितिक राजदूत महाधर्माध्यक्ष पियेत्रो साम्बी का निधन


वाशिंगटन डी सी 28 जुलाई 2011 (सीएनए) अमरीका में वाटिकन के राजदूत महाधर्माध्यक्ष पियेत्रो साम्बी का बाल्टीमोर स्थित जोन होपकिन्स अस्पताल में 27 जुलाई की संध्या निधन हो गया जहाँ वे दो सप्ताह पूर्व फेफेड़े की सर्जरी किये जाने के बाद श्वसन प्रणाली पर रखे गये थे। महाधर्माध्यक्ष साम्बी की स्थिति बिगड़ने का समाचार पाने पर दूतावास के अधिकारी और इटली से आये महाधर्माध्यक्ष साम्बी के परिजनों ने धर्माध्यक्षों पुरोहितों धर्मसमाजियों और लोकधर्मी विश्वासियों से उनके स्वास्थ्य में सुधार हेतु प्रार्थना और बलिदान अर्पित करने का अनुरोध किया था।
महाधर्माध्यक्ष साम्बी का जन्म उत्तरी इटली के रिमिनी धर्मप्रांत में सोगलियानो सुल रूबीकोने शहर में 27 जून 1938 को हुआ था। वे 14 मार्च 1964 को मोंते फेलतरो धर्मप्रांत के लिए पुरोहित अभिषिक्त किये गये। महाधर्माध्यक्ष साम्बी अंग्रेजी, स्पानी, फ्रेंच भाषा धाराप्रवाह बोलते थे। उन्होंने ईशशास्त्र और कलीसियाई विधान में डाक्टरेट की उपाधि प्राप्त की थी। वे सन 1969 में वाटिकन की कूटनैतिक सेवा में आये और 1969 में कैमरून, 1971 में येरूसालेम, 1974 में क्यूबा, 1978 में अल्जीरिया, 1979 में निकारागुआ, 1981 में बेल्जियम तथा 1984 में भारत स्थित वाटिकन राजदूतावासों में अपनी सेवाएँ दीं।
महाधर्माध्यक्ष साम्बी सन 1991 में इंडोनेशिया में तथा 1998 में इस्राएल में वाटिकन के राजदूत बनाये गये तथा उन्होंने येरूसालेम और फिलीस्तीन में प्रेरितिक प्रतिनिधि के रूप में काम किया। इस्राएल में वाटिकन के राजदूत रहते समय की कठिन अवधि में महाधर्माध्यक्ष साम्बी ने धार्मिक स्वतंत्रता की रक्षा, एकेश्वरवादी धर्मों की समानता तथा सन 2002 में होली लैंड में पवित्र स्थलों में विश्वासियों की पहुँच और आराधना करने की स्थिति को बेहतर बनाने के लिए अथक प्रयास किया।
संत पापा बेनेडिक्ट 16 वें ने महाधर्माध्यक्ष साम्बी को 17 दिसम्बर 2005 में अमरीका में वाटिकन का राजदूत नियुक्त किया था। उन्होंने अपना काम वाशिंगटन डीसी में फरवरी 2006 में शुरू किया था।
हाल में वाटिकन के जानकारों के अनुसार महाधर्माध्यक्ष साम्बी को वाटिकन में उच्च पद के लिए मजबूत उम्मीदवार के रूप में देखा जा रहा था।
स्वर्गीय महाधर्माध्यक्ष पियेत्रो साम्बी की अंत्येष्टि धर्मविधि वाशिंगटन डी सी स्थित नेशनल श्राइन ओफ द इम्माकुलेट कंसेप्शन बासिलिका में शनिवार 6 अगस्त को अपराह्न 2 बजे सम्पन्न होगी।








All the contents on this site are copyrighted ©.