2011-07-26 12:35:04

वाटिकन सिटीः कार्डिनल नोए के निधन पर सन्त पापा का शोक सन्देश, सन्त पेत्रुस महागिरजाघर में अन्तयेष्टि याग


वाटिकन सिटी, 26 जुलाई सन् 2011 (सेदोक): सन्त पापा बेनेडिक्ट 16 वें ने सोमवार को वाटिकन के वरिष्ठ कार्डिनल विरजिलियो नोए के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उनके परिजनों को एक तार सन्देश प्रेषित किया। रविवार को रोम में कार्डिनल नोए का निधन हो गया था। वे 89 वर्ष के थे।

मंगलवार को कार्डिनलण्डल के प्रमुख कार्डिनल आन्जेलो सोदानो ने सन्त पेत्रुस महागिरजाघर में कार्डिनल नोए के आदर में ख्रीस्तयाग अर्पित कर उनकी अन्तयेष्टि सम्पन्न की।

कार्डिनल नोए की बहन मरिया के नाम प्रेषित तार सन्देश में सन्त पापा ने कलीसिया को अर्पित कार्डिनल नोए की अनुपम सेवा का स्मरण किया। दिवंगत आत्मा को भावभीनी श्रद्धान्जलि अर्पित करते हुए सन्त पापा ने लिखाः "कार्डिनल नोए अनेक वर्षों तक परमधर्मपीठ के कर्मिष्ठ सहयोगी रहे, विशेषकर, धार्मिक समारोहों के कार्यालय में तथा सन्त पेत्रुस महागिरजाघर के प्रधान पुरोहित रूप में। प्रत्येक कार्यस्थल पर उन्होंने प्रज्वलित पुरोहितिक जोश एवं सुसमाचार के प्रति निष्ठा का साक्ष्य प्रदान किया।"

कार्डिनल विरजिलियो नोए का जन्म उत्तरी इटली में 30 मार्च सन् 1922 ई. को हुआ था। सन् 1944 ई. में आप पविया धर्मप्रान्त के पुरोहित अभिषिक्त किये गये थे। धर्मप्रान्तीय गुरुकुलों में आप कलीसियाई इतिहास एवं काथलिक पूजन विधि के प्राध्यपक रहे थे। सन् 1970 से आप वाटिकन में दिव्य भक्ति एवं संस्कार सम्बन्धी परमधर्मपीठीय धर्मसंघ में विभिन्न पदों पर कार्य करते रहे थे। सन् 1991 में सन्त पापा जॉन पौल द्वितीय ने आपको कार्डिनलमण्डल में नियुक्त कर कलीसिया के राजकुमार का दर्जा प्रदान किया था। पूर्व सन्त पापा पौल षष्टम् तथा सन्त पापा जॉन पौल द्वितीय के परमाध्यक्षीय काल में लम्बे अर्से तक आप सन्त पापा के धर्मविधिक समारोहों की देखरेख करते रहे थे। सन् 1991 से आप सन्त पेत्रुस महागिरजाघर के प्रधान पुरोहित एवं इसकी देखरेख करनेवाले "फाबरिका दी सान पियेत्रो" कार्यालय के अध्यक्ष पद पर अपनी सेवाएँ अर्पित करते रहे थे।

कार्डिनल नोए के निधन के बाद कार्डिनलमण्डल में अब 195 कार्डिनल रह गये हैं जिनमें 114 कार्डिनल 80 वर्ष की आयु से कम उम्र वाले तथा भावी सन्त पापा के चुनाव में भाग लेने के योग्य हैं।










All the contents on this site are copyrighted ©.