2011-07-19 12:27:56

कास्टेल गोन्दोल्फोः मलेशिया और वाटिकन ने स्थापित किये कूटनैतिक सम्बन्ध


कास्टेल गोन्दोल्फो, 19 जुलाई सन् 2011 (सेदोक): मलेशिया तथा वाटिकन ने सोमवार को आपसी कूटनैतिक सम्बन्धों की स्थापना कर ली।

रोम शहर के परिसर कास्टेल गोन्दोल्फो में सोमवार को मलेशिया के प्रधान मंत्री नजीब रज़क ने सन्त पापा बेनेडिक्ट 16 वें से मुलाकात की। इस मुलाकात के बाद मलेशिया तथा परमधर्मपीठ के बीच स्थापित कूटनैतिक सम्बन्धों की सूचना प्रकाशित की गई।

प्रधान मंत्री नजीब रज़क के साथ साथ उनकी धर्मपत्नी, मलेशिया के कृषि मंत्री बर्नार्ड दोमपाक, मलेशिया के दो मुसलमान नेता तथा कुवालालुमपुर के काथलिक महाधर्माध्यक्ष मरफी पाक्कियम ने भी सन्त पापा बेनेडिक्ट 16 वें का साक्षात्कार कर उनका आशीर्वाद ग्रहण किया। तदोपरान्त लगभग 25 मिनटों तक प्रधान मंत्री रज़क ने सन्त पापा के साथ व्यक्तिगत रूप से बातचीत की।

मलेशिया के प्रधान मंत्री नजीब रज़क तथा सन्त पापा के बीच मुलाकात के सिलसिले में वाटिकन प्रेस ने एक वकतव्य जारी कर कहा कि दोनों नेताओं के बीच सौहार्द्रपूर्ण बातचीत हुई तथा मलेशिया एवं परमधर्मपीठ के बीच कूटनैतिक सम्बन्धों पर सहमति व्यक्त की गई। इसके अतिरिक्त, शांति को प्रोत्साहन देने के लिये अन्तर-सांस्कृतिक एवं अन्तर-धार्मिक सम्वाद, न्याय एवं लोगों के बीच समझदारी को बढ़ावा देने की दृष्टि से विश्व एवं एशियाई महाद्वीप की राजनैतिक और सामाजिक स्थिति का अवलोकन किया गया।

ग़ौरतलब है कि मलेशिया के मुसलमानों एवं ख्रीस्तीयों के बीच सम्बन्ध तथा न्याय की स्थापना देश की विशिष्ट समस्याओं में से हैं। मलेशिया की कुल आबादी दो करोड़ अस्सी लाख है जिनमें 60 प्रतिशत इस्लाम धर्मानुयायी हैं। ख्रीस्तीय धर्मानुयायियों की संख्या देश में नौ प्रतिशत है जिनमें 3.17 प्रतिशत काथलिक धर्मानुयायी हैं।








All the contents on this site are copyrighted ©.