2011-07-15 17:48:55

लीबिया में फिलीपीनी काथलिकों का वीरोचित साक्ष्य


लीबिया, त्रिपोली, 15 जुलाई सन् 2011 (एशिया न्यूज) लीबिया में त्रिपोली के प्रेरितिक विकर मान्यवर जियोवानी इन्नोसेन्सो मारतिनेल्ली ने कहा कि जब युद्ध समाप्त हो जायेगा तो काथलिकों के काम लीबिया के चर्च के इतिहास में सबसे वीरोचित पन्ने बनकर रह जायेंगे। एशिया न्यूज से बातचीत करते हुए उन्होंने दो हजार से अधिक फिलीपीनी नर्सों और चिकित्सकों के बहुमूल्य कार्य़ों की सराहना की जो युद्ध के बावजूद देश में रहकर लोगों की सेवा कर रहे हैं।
नाटो सैन्य बल द्वारा बमबारी आरम्भ किये जाने के बाद अनेक प्रवासियों ने अपनी नौकरी खो दिया और पलायन किया जो लोग रह गये उन्हें बहुत कठिनाईयों का सामना करना पड़ रहा है। रोटी और बुनियादी जरूरत की चीजें पाने के लिए उन्हें लम्बी पंक्तियों में रहना पड़ता है। उन्होंने कहा कि फिलीपीनी नर्सों और चिकित्सकों ने लीबिया के लोगों और कलीसिया की सेवा करने के लिए देश में रहना चुना। वे युद्ध से उत्पन्न कठिनाईयों का सामना साहस और जिम्मेदारी की भावना में कर रहे हैं। सब-सहारा क्षेत्र के अनेक प्रवासियों ने मुख्यतः भवन निर्माण श्रमिकों ने लीबिया में रहने का विकल्प चुना। महान साहस का प्रदर्शन कर ये लोग अपने समय और जीवन को कलीसिया के लिए दे रहे हैं तथा लीबियावासियों के लिए आशा का चिह्न हैं।
लगभग छह माह के बाद भी युद्ध अनिर्णीत अवस्था में है। कर्नल गद्दाफी की सेना द्वारा नियंत्रित सामरिक महत्व के स्थलों पर नाटो सैन्य बल द्वारा हवाई हमले किये जाते रहे हैं। इससे बेनगाजी के विद्रोहियों को त्रिपोली के निकट आने में मदद मिली है तथापि संघर्ष जारी है। कर्नल गद्दाफी पर दबाव बनाने के लिए लीबिया सम्पर्क समूह का शुक्रवार को तुर्की के इस्तामबुल में बैठक होना निर्धारित था। अगस्त माह में आरम्भ होनेवाले रमज़ान माह को देखते हुए मान्यवर मारतिनेल्ली की आशा है कि संधि हो जाये। उन्होंने कहा कि लोग युद्ध से ऊब गये हैं। हम प्रार्थना करना जारी रखे हैं ताकि नेताओं के मन आलोकित हों और वे हथियारों का उपयोग करना बंद करें।








All the contents on this site are copyrighted ©.