2011-06-07 12:12:20

ज़गरेबः सन्त पापा ने स्पानी धर्माध्यक्ष की धन्य घोषणा पर भेजी बधाईयाँ


ज़गरेब, 7 जून सन् 2011 (सेदोक): सन्त पापा बेनेडिक्ट 16 वें ने क्रोएशिया में अपनी यात्रा के दौरान, रविवार को, ज़गरेब से, 17 वीं शताब्दी के स्पानी धर्माध्यक्ष हुवान दे पालाफोक्स इ मेनडोन्ज़ा की धन्य घोषणा पर बधाईयाँ प्रेषित कीं।

रविवार को क्रोएशिया में ख्रीस्तयाग के उपरान्त स्पानी भाषा में धन्य हुवान मेनडोन्ज़ा का स्मरण करते हुए सन्त पापा ने कहा कि वे मूल आदिवासियों के रक्षक थे।

धर्माध्यक्ष पालाफोक्स की धन्य घोषणा रविवार को स्पेन के बुर्गो दे ओज़मा नगर में सम्पन्न हुई।

सन् 1600 ई. में धर्माध्यक्ष पालाफोक्स का जन्म हुआ था तथा सन् 1639 ई. में वे मेक्सिको के धर्माध्यक्ष नियुक्त किये गये थे। 1639 से 1653 ई. तक धर्माध्यक्ष मेक्सिको सिटी के महाधर्माध्यक्ष तथा देश में स्पेन के वॉयसराय पद पर सेवाएँ अर्पित करते रहे थे। इस दौरान मेक्सिको के आदिवासियों एवं यहाँ की जनजातियों को दुर्व्यवहार से बचाने तथा उन्हें उनके भूमि आदि अधिकार दिलाने हेतु धर्माध्यक्ष ने बहुत अधिक संघर्ष किया था। 1653 से 1659 ई. तक आप स्पेन में ओज़मा के धर्माध्यक्ष थे, यहीं आपका निधन हो गया था।

सन्त पापा बेनेडिक्ट 16 वें ने धर्माध्यक्ष पालाफोक्स को "17 वीं शताब्दी में मेक्सिको एवं स्पेन के उत्कृष्ट धर्माध्यक्ष" तथा "विस्तृत संस्कृति एवं गहन आध्यात्मिकता के धनी पुरुष" निरूपित किया।

इसके अतिरिक्त, उन्होंने कहा कि धर्माध्यक्ष पालाफोक्स "एक महान सुधारक, अथक मेषपाल और आदिवासियों के रक्षक" थे।








All the contents on this site are copyrighted ©.