2011-05-18 10:29:06

वियतनामः हनोई में सन्त पौल धर्मबहनों के आश्रम को ध्वस्त करनमे की योजना


हनोई, 18 मई, सन् 2011 (एशिया न्यूज़): वियतनाम के हनोई शहर में सन्त पौल को समर्पित धर्मसंघ की धर्मबहनों के आश्रम पर ध्वस्त किये जाने का ख़तरा मंडरा रहा है। इस आश्रम में धर्मबहनों के आश्रम के साथ साथ युवा महिलाओं तथा अनाथ एवं विकलांग बच्चों के लिये दो आवास हैं और साथ ही निर्धन लोगों के लिये एक चिकित्सालय भी चलाया जा रहा है।

वियतनामी अधिकारियों ने यह कहकर आश्रम को ध्वस्त करने की घोषणा की है कि वहाँ एक अस्पताल का निर्माण किया जायेगा। हनोई के महाधर्माध्यक्ष ने अब तक सरकारी योजना पर अपनी प्रतिक्रिया नहीं दी है।

सन् 1883 ई. में वियतनामी सन्त पौल धर्मसंघ की स्थापना हुई थी। तब से इस धर्म संघ की धर्मबहनें उदारता के कार्यों में संलग्न रहीं हैं। युद्ध के समय भी वे शिक्षा, चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं सामाजिक सेवाएँ उपलब्ध कराती रहीं हैं।

सन् 1986 में वियतनाम में आये सुधारों के बाद धर्मसंघ ने हनोई में अपनी प्रेरितिक एवं कल्याणकारी गतिविधियों को सघन कर दिया था तथा इसके लिये कई नई इमारतों एवं आश्रमों का निर्माण किया था। अब सरकार की नई योजना के तहत वे सभी कार्य धराशायी होते प्रतीत हो रहे हैं।

ग़ौरतलब है कि वियतनाम में नाम मात्र के लिये धार्मिक स्वतंत्रता है जबकि, धार्मिक संगठनों, धर्म समाजों एवं धर्मसंघों की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जाती है तथा किसी भी धार्मिक पहल के लिये सरकारी अनुमति की ज़रूरत होती है।








All the contents on this site are copyrighted ©.