2011-03-29 11:43:22

इस्लामाबादः फ्लोरिडा में कुरान भस्म की घटना के बाद दो ईसाईयों की हत्या, गिरजाघरों में विस्फोट


इस्लामाबाद, 29 मार्च सन् 2011 (एशिया न्यूज़): फ्लोरिडा में कुरान भस्म की घटना के बाद पाकिस्तान में दो ईसाईयों की हत्या कर दी गई, गिरजाघरों पर आक्रमण किया गया तथा बाईबिल की प्रतियाँ जला दी गई।

20 मार्च को, फ्लोरिडा के पास्टर टेरी जोन्स की अगुवाई में प्रॉटेस्टेण्ट पादरी वेन सैप द्वारा कुरान के जलाये जाने के बाद पाकिस्तान के ख्रीस्तीय समुदाय को एक बार फिर हिंसा का निशाना बनाया गया। कुरान जलाये जाने का पाकिस्तान एवं भारत सहित सम्पूर्ण विश्व के ख्रीस्तीय धर्मानुयायियों ने विरोध किया है तथा इस कुकृत्य की कड़े शब्दों में निन्दा की है किन्तु इसके बाद भी पाकिस्तान के ख्रीस्तीयों को उत्पीड़ित किया गया।

20 मार्च को फ्लोरिडा की घटना के बाद 25 मार्च को पाकिस्तान के हैदराबाद नगर में पेन्टेकॉस्टल चर्च पर एक चरमपंथी मुसलमान दल ने आक्रमण कर, दो ख्रीस्तीयों की हत्या कर दी तथा बाईबिल की प्रतियों को आग के हवाले कर दिया।

एक दूसरी घटना में लाहौर के बदामी बाग क्षेत्र स्थित गॉस्पल असेम्बली चर्च पर आक्रमण किया गया। यहाँ भी चरमपंथी मुसलमानों ने गिरजाघर को आग के हवाले कर दिया तथा बाईबिल की प्रतियों को सड़क पर फेंक दिया। उन्होंने ख्रीस्तीयों पर ईश निन्दा का झूठा आरोप लगाकर कहा कि गिरजाघर से कुरान के फटे हुए पन्ने मिले।

इस्लामाबाद तथा रावलपिण्डी के काथलिक धर्माध्यक्षों ने टेरी जोन्स को धर्मान्ध एवं चरमपंथी निरूपित किया तथा कहा है कि इस प्रकार के कुकृत्य हिंसा को प्रश्रय देते तथा सम्पूर्ण विश्व के निर्दोष ख्रीस्तीयों को ख़तरे में डालते हैं।

काथलिक पुरोहित फादर अनवर पतरस ने कहा कि पाकिस्तान का सम्पूर्ण ख्रीस्तीय समुदाय टेरी जोन्स द्वारा कुरान के अपमान की निन्दा करता है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के ख्रीस्तीय पाकिस्तानी नागरिक हैं, उनका जन्म पाकिस्तान में हुआ है, पाकिस्तान में ही मरण भी होगा तथा पास्टर टेरी जोन्स और उसके विक्षिप्त विचारों से उनका कोई लेन देन नहीं है।








All the contents on this site are copyrighted ©.