2011-03-15 11:44:12

बैजिंगः चीन में भूमिगत कलीसिया के धर्माध्यक्ष की अन्तयेष्टि 17 मार्च को


बैजिंग, 15 मार्च सन् 2011 (एशियान्यूज़): चीन स्थित ज़ीवान्जी में भूमिगत काथलिक कलीसिया के धर्माध्यक्ष आन्द्रेया हाओ जिनली की अन्तयेष्टि 17 मार्च के लिये तय की गई है।

ज़ीवान्जी के स्थानीय सूत्रों ने एशिया समाचार को बताया कि धर्माध्यक्ष के निवास के ओर छोर कड़ा पहरा लगा दिया गया है तथा श्रद्धार्पण के लिये आनेवालों पर पुलिस कड़ी नज़र रख रही है।

ज़ीवान्जी के 95 वर्षीय धर्माध्यक्ष आन्द्रेया हाओ जिनली का देहान्त 9 मार्च को हो गया था। धर्माध्यक्ष ने काथलिक विश्वास के ख़ातिर अपने जीवन बीस वर्ष कारावास में व्यतीत किये। सन्त पापा एवं सार्वभौमिक काथलिक कलीसिया के प्रति स्वामी भक्ति का परित्याग न करने के लिये उन्हें वर्षों अपने घर में ही नज़रबन्द रखा गया तथा नाना प्रकार उत्पीड़ित किया गया।

एशिया समाचार के अनुसार धर्माध्यक्ष के निधन के बाद से पुलिस ने उनके गाँव गोगुई में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है तथा श्रद्धालुओं को उनके दर्शन करने से रोका जा रहा है। चीनी अधिकारियों के आदेशानुकूल अन्तयेष्टि के दौरान उन्हें धर्माध्यक्ष शीर्षक से पुकारना निशिद्ध कर दिया गया। भक्त समुदाय उन्हें केवल मेषपाल कहकर पुकार सकता है।

ग़ौरतलब है कि चीन की साम्यवादी सरकार केवल सरकार नियंत्रित देशभक्त कलीसिया में पंजीकृत व्यक्तियों को ही धर्मपालन की अनुमति देती है जबकि विश्वव्यापी काथलिक कलीसिया एवं सन्त पापा के प्रति स्वामीभक्ति दर्शानेवाले काथलिक धर्मानुयायियों को हर प्रकार से उत्पीड़ित किया जाता है। बताया जाता है कि चीन में भूमिगत कलीसिया से संलग्न काथलिकों की संख्या साठ लाख से अधिक है।







All the contents on this site are copyrighted ©.