2011-03-04 15:59:08

आईसलैंड के राष्ट्रपति की संत पापा के साथ मुलाकात


(वाटिकन सिटी 4 मार्च सेदोक) आईसलैंड के राष्ट्रपति ओलाफूर रागनार गिरिमसन ने शुक्रवार को वाटिकन में संत पापा बेनेडिक्ट 16 वें के साथ मुलाकात किया। इस अवसर पर राष्ट्रपति महोदय ने संत पापा को नये जगहों की खोज करनेवाली आईसलैंड की महिला गुदरिद तोरबजोरनसदोतिर की प्रतिमा उपहार में दिया जो आईसलैंड के बाहर भी बहुत लोकप्रिय हैं। उन्होंने सन 1000 के समय अनेक समुद्री यात्राएँ की। उन्होंने ग्रीनलैंड, उत्तरी अमरीका के विनलैंड और यूरोप का भी दौरा किया।
गुदरिद ने अपनी छोटी नौका से 8 बार अटलांटिक महासागर में लम्बी यात्रा की। विनलैंड की उनकी यात्रा का मिशनरी मनोरथ भी था। इस अभियान में कुछ पुरोहित भी उनके साथ थे। वे संभवतः प्रथम यूरोपीय महिला थीं जिन्होंने अमेरिकी भूमि पर अपने पाँव रखे थे। वे तीन वर्ष विनलैंड में रहने के बाद आईसलैंड लौट आयीं तथा अपने पति तोरनफिन और पुत्र स्नोरी के साथ गलाऊमगार्द में रहीं।
गुदरिद ने अपने पति का निधन हो जाने के बाद अपनी खोज और अनुभवों को संत पापा को बताने के लिए रोम की तीर्थयात्रा की। रोम से लौटने के बाद वे धर्मबहन बन गयीं और आईसलैंड के एक चर्च में एक संन्यासी का जीवन जीने लगीं।
आईसलैंड के मूर्तिकार असमुंदर स्वेनसिन का जीवन काल 1893 से 1982 तक रहा। उन्होंने गुदरिद की प्रतिमा बनायी। यह प्रतिमा नाव पर खडी महिला की है जो अपने कंधे के पास शिशु येसु को ली हुई है। यह उस प्रतिमा की चौथी कृति है जिसे आईसलैंड के राष्ट्रपति ने संत पापा को दिया है।








All the contents on this site are copyrighted ©.