2011-02-22 12:34:20

वाटिकन सिटीः अक्टूबर में सन्त पापा तीन सन्तों की घोषणा करेंगे


वाटिकन सिटी, 22 फरवरी सन् 2011 (सेदोक): सन्त पापा बेनेडिक्ट 16 वें आगामी अक्टूबर माह में तीन नये सन्तों की घोषणा कर उन्हें वेदी का सम्मान प्रदान करेंगे।

सोमवार को सन्त पापा ने, वाटिकन में, सामान्य सार्वजनिक सन्त प्रकरण परिषद की बैठक का नेतृत्व किया जिसमें स्पेन की एक तथा इटली की दो धन्य आत्माओं को 23 अक्टूबर को सन्त घोषित किये जाने को अनुमोदन प्रदान किया गया।

इनमें शामिल हैं: इटली के धन्य ग्वीदो मरिया कोनफोरती जिन्होंने विदेशी मिशनों के लिये सन्त फ्राँसिस ज़ेवियर धर्मसमाज की स्थापना की थी। इटली में यह धर्मसमाज ज़ेवियरियन मिशनरियों के नाम से भी जाना जाता है। धन्य ग्वीदो मरिया कोनफोरती का जन्म सन् 1865 ई. में तथा निधन सन् 1931 ई. में हो गया था। 17 मार्च सन् 1995 को सन्त पापा जॉन पौल द्वितीय द्वारा आप धन्य घोषित किये गये थे।

धर्म बहनों के दो धर्मसंघों: उदारता के सेवक तथा मरियम की पुत्रियाँ धर्मसंघ के संस्थापक इटली के काथलिक पुरोहित डॉन लूईजी ग्वानेला भी 23 अक्टूबर को सन्त घोषित किये जायेंगे। 25 अक्टूबर सन् 1964 ई. को सन्त पापा पौल षष्टम द्वारा आप धन्य घोषित किये गये थे।

स्पेन में, सालामान्का की धर्मबहन धन्य बोनिफाच्या रोडरिग्ज़ दे कास्त्रो को भी 23 अक्टूबर को सन्त घोषित किया जायेगा। आपने सन्त योसफ धर्मसंघ की स्थापना की थी तथा निर्धन एवं बेरोज़गार महिलाओं की मदद के लिये "नाज़रेथ कार्यशिविर" खोला था। आपका जन्म सन् 1837 ई. में तथा निधन सन् 1905 ई. में हो गया था।







All the contents on this site are copyrighted ©.