2011-02-15 12:21:23

नई दिल्लीः खून के आँसू बहाती मरियम के दर्शन को सैकड़ों उमड़े


नई दिल्ली, 15 फरवरी सन् 2011, (कैथन्यूज़): विभिन्न धर्मों के अनुयायी नई दिल्ली के उस घर की ओर दौड़े चले आ रहे हैं जहाँ बताया जाता है विगत कुछ दिनों से माँ मरियम खून के आँसू बहा रही है।

नई दिल्ली स्थित "आया नगर" के पल्ली पुरोहित फादर बिन्टू किलुक्कन ने 14 फरवरी को ऊका समाचार से बातचीत में कहा कि यह दृश्य, "लोगों के विश्वास को सुदृढ़ करने का एक संकेत हो सकता है।" उन्होंने यह भी कहा कि इस चमत्कार का अर्थ लोगों को पापों के परित्याग एवं प्रार्थना हेतु आमंत्रित करना हो सकता है।

पल्लीवासी ग्रेसी थॉमस ने बताया कि सात फरवरी को उन्होंने अपने घर में रखी मरियम की एक तस्वीर से रक्त बहते देखा जिसके बाद तीन तस्वीरों से तीन दिन तक खून निकलता रहा।

उसी दिन से सैकड़ों लोग घर के इर्द गिर्द जमा होकर रोज़री विनती का पाठ कर रहे हैं। थॉमस के अनुसार आठ फरवरी को उनके घर पर आये लोगों ने भी तस्वीर से खून बहते देखा था। प्रतिदिन ख्रीस्तयाग में भाग लेनेवाली तथा रोज़री विनती का पाठ करनेवाली थॉमस इस तथ्य को, अपने घर पर तथा उसके चार सदस्यों पर, प्रभु ईश्वर की आशीष का चिन्ह मानती है।

तस्वीरों को ख़ुद देखनेवाले फादर दीपक सोरेन का विश्वास है कि ईश्वर ने लोगों को अपने क़रीब लाने के लिये यह चमत्कार किया है।

देहली महाधर्मप्रान्त ने अब तक इस तथ्य पर कोई आधिकारिक वकतव्य नहीं दिया है।

 







All the contents on this site are copyrighted ©.