2011-01-07 17:23:45

ओर्थोडोक्स ईसाईयों ने क्रिसमस मनाया, पूर्वी रीति की कलीसियाओं को संत पापा की बधाई


जुलियन कैलेंडर को माननेवाली आर्थोडोक्स कलीसिया ग्रेगोरियन कैलेंडर को माननेवाली काथलिक कलीसिया के 13 दिन बाद क्रिसमस का त्योहार मनाती है। आर्थोडोक्स कलीसिया के ईसाईयों ने 7 जनवरी को क्रिसमस का त्योहार मनाया। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के मध्य मिस्र में 6 जनवरी के संध्या पहर में लगभग 70 हजार पुलिसकर्मियों को कोपटिक रीति के ईसाईयों के गिरजाघरों के समीप तैनात किया गया ताकि देशभर में कोपटिक रीति के ईसाई क्रिसमस का त्योहार मना सकें। ज्ञात हो कि 31 दिसम्बर को अलेक्सान्द्रिया में एक कोपटिक चर्च के समीप किये गये आत्मघाती कार बम विस्फोट में 21 ईसाईयों की हत्या हो गयी थी तथा 100 से अधिक लोग घायल हो गये थे। मिस्र में कोपटिक चर्च के प्रमुख धर्मगुऱू सेनोदा तृतीय ने समारोही पूजनधर्मविधि के समय कहा कि वे शहीद हुए निर्दोष लोगों के लिए सहानुभूति प्रकट करते हैं जिन्होंने कोई अपराध नहीं किया था। पर्यवेक्षकों के अनुसार पूजनधर्मविधि में शामिल होनेवाले विश्वासियों की संख्या बहुत अच्छी थी। एक कोपटिक आर्थोडोक्स लोकधर्मी ने बीबीसी समाचार सेवा से कहा कि जो कुछ भी हो मैं चर्च जरूर जाऊँगा। यदि वे मुझे गोली मारने का प्रयास करें या बम विस्फोट कर उड़ा दें तब भी मैं जाऊँगा क्योंकि यही मेरा धर्म है। यह हमारे मुक्तिदाता येसु ख्रीस्त का जन्मदिवस है।
संत पापा बेनेडिक्ट 16 वें ने 6 जनवरी को प्रभु प्रकाश महापर्व के उपलक्ष्य में वाटिकन स्थित संत पेत्रुस बासिलिका में समारोही ख्रीस्तयाग की अध्यक्षता की तथा मध्याह्न देवदूत प्रार्थना का पाठ करने के लिए संत पेत्रुस बासिलिका के प्रांगण में एकत्रित विश्वासियों को सम्बोधित किया और पूर्वी रीति की कलीसियाओं तथा आर्थोडोक्स ईसाईयों को क्रिसमस की शुभकामनाएँ दी थीं।








All the contents on this site are copyrighted ©.