2010-12-29 12:30:31

कोचीः कार्डिनल ने जीज़स यूथ जुबिली का उदघाटन किया


केरल के कोची शहर में, वाटिकन के वरिष्ठ कार्डिनल आयवन डायस ने, मंगलवार, 28 दिसम्बर को, जीज़स यूथ जुबिली का उदघाटन किया। पाँच दिनों तक जारी रहनेवाली इस जुबिली में 29 राष्ट्रों के लगभग 20,000 युवा प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं।

जीज़स यूथ अभियान सन् 1985 में केरल के येसु धर्मसमाजियों द्वारा विद्यार्थियों एवं प्राध्यपकों के लिये आरम्भ किया गया था। इस वर्ष इसकी रजत जयन्ती मनाई जा रही है।

इस अभियान के अन्तरराष्ट्रीय अध्यक्ष जॉर्ज देवास्सी ने ऊका समाचार को बताया कि यह, "कोई संगठन नहीं है अपितु पथ से भटके हुए युवाओं को दिशा निर्देशन देने हेतु आरम्भ एक नेक अभियान है।" उनके अनुसार अभियान की शक्ति येसु मसीह के जीवन पर ध्यान और मनन तथा प्रार्थना में निहित है।

ज़ीज़स यूथ अन्तरराष्ट्रीय अभियान के आध्यात्मिक मार्गदर्शक फादर थॉमस थाराइल ने बताया कि इस अभियान में विश्व के विभिन्न देशों के 50, 000 सदस्य हैं।

उन्होंने कहा, "अभियान से जुड़ा प्रत्येक व्यक्ति इस बात का साक्ष्य दे सकता है कि येसु ने उसके जीवन को किस प्रकार रूपान्तरित किया तथा प्रार्थना की ओर अभिमुख किया।"

जयन्ती समारोहों के समन्वयकर्त्ता जोबी थॉमस ने बताया कि जयन्ती के उपलक्ष्य में आयोजित पाँच दिनों के दौरान युवाओं से जुड़े 19 विषयों पर विचार विमर्श किया जायेगा।









All the contents on this site are copyrighted ©.