2010-11-23 16:58:08

हिन्दुओं ने राजा ख्रीस्त शोभायात्रा का स्वागत किया


(भोपाल उकान) मध्य प्रदेश राज्य में विगत सात सालों में ईसाई विरोधी हिंसा की लगभग 200 घटनाएँ घटीं हैं लेकिन रविवार 21 नवम्बर को ख्रीस्त राजा पर्व के उपलक्ष्य में निकाली गयी शोभायात्रा का हिन्दुओं के एक समूह ने स्वागत कर साम्प्रदायिक सौहार्द की मिसाल पेश किया। भोपाल महाधर्मप्रांत के अंतर्गत अस्ता शहर में संत तेरेसा चर्च के पल्ली पुरोहित फादर फ्रांसिस स्कारिया ने कहा कि वे हिन्दुओं के इस स्वागत से हर्षित और आश्चर्यचकित हैं। उन्होंने ऊकान समाचार सेवा को बताया कि यद्यपि अनेक वर्षों से प्रतिवर्ष राजा ख्रीस्त क पर्व दिवस पर शोभायात्रा निकाली जाती रही है लेकिन इस प्रकार का स्वागत कभी नहीं मिला था। शोभायात्रा वाले मार्ग के दोनों और लगभग 3 किलोमीटर तक कतारबद्ध खडे हिन्दु महिलाओं और पुऱूषों ने शोभायात्रा में चल रहे लगभग 600 विश्वासियों और येसु ख्रीस्त के जीवन की विभिन्न घटनाओं की झाँकियों को प्रस्तुत करनेवालों कलाकारों के वाहनों पर फूलों की पंखुडि़यों की वर्षा की। उन्होंने एक स्टेज बनाकर शोभायात्रा में चल रहे सब लोगों का स्वागत किया और पल्ली पुरोहित को स्थानीय परम्परा के अनुसार फूलमाला पहनाकर तथा शाल ओड़ा कर सम्मान दिखाया।
हिन्दु पर्व समिति के अध्यक्ष शेष नारायण मुकाती ने कहा कि यह उनका विनम्र प्रयास था कि शांति प्रिय ईसाई समुदाय के प्रति अपनी परवाह का प्रदर्शन करें तथा शांति,सदभावना और बंधुत्व के प्रति श्रद्धा व्यक्त करें। उनकी यह आशा है कि इस कृत्य से साम्प्रदायिक सौहार्द को मदद मिलेगी । समिति के सचिव पंकज यादव ने कहा कि वे यह नहीं चाहते थे कि इस वर्ष ईसाई शोभायात्रा उनके क्षेत्र से इस संदेश के बिना पार हो कि विभिन्न धर्मों को शांति और मानवजाति के कल्याण के लिए काम करना है। लोग एक साथ आयें और अपनी धार्मिक मान्यताओं और अभ्यासों को बाँटें।
पल्ली के सचिव सुधीर तिर्की ने कहा कि स्थानीय हिन्दुओं के इस स्वागत से प्रेम शांति और सौहार्द का प्रसार करने के लिए ईसाईयों का मनोबल बढ़ा है। भोपाल के सेवानिवृत्त येसुसमाजी महाधर्माध्यक्ष पास्कल तोपनो जो वहाँ उपस्थित थे उन्होंने हिन्दुओं की महान समझदारी और एकता की सराहना की। सेहोर जिला के आस्ता शहर की आबादी 50 हजार है जिसमें अधिकाँश हिन्दु हैं।








All the contents on this site are copyrighted ©.