2010-10-21 10:37:37

वाटिकन सिटीः नये कार्डिनलों में श्री लंका के महाधर्माध्यक्ष भी शामिल



सन्त पापा बेनेडिक्ट 16 वें द्वारा बुधवार को घोषित 24 नये कार्डिनलों में, एशिया से, श्री लंका स्थित कोलोम्बो के महाधर्माध्यक्ष मैलकम रंजीत भी शामिल हैं।

श्री लंका की कलीसिया एवं सरकार ने महाधर्माध्यक्ष रंजीत के नामांकन को देश के लिये महत्वपूर्ण बताया है। कोलोम्बो महाधर्मप्रान्त के प्रतिधर्माध्यक्ष सिरिल गामिनी ने कहा, "हमारे लिये एक ऐतिहासिक क्षण है।" उन्होंने कहा कि काथलिक कलीसिया के प्रति उनकी महान सेवा के लिये महाधर्माध्यक्ष रंजीत को इस प्रतिष्ठित पद पर नियुक्त किया गया है।

श्री लंका के राष्ट्रपति महिन्दे राजपक्षे ने भी महाधर्माध्यक्ष रंजीत की नवनियुक्ति का स्वागत किया है।

महाधर्माध्यक्ष रंजीत का जन्म 15 नवम्बर सन् 1947 ई. को श्री लंका में हुआ था। सन् 1975 में रोम के सन्त पेत्रुस महागिरजाघर में आपका पुरोहिताभिषेक सम्पन्न हुआ। सन् 1991 में आप कोलोम्बो के तथा सन् 1995 में रत्नापुरा के धर्माध्यक्ष नियुक्त किये गये थे। सन् 2001 से सन् 2009 तक आप वाटिकन में विभिन्न परमधर्मपीठीय समितियों एवं कार्यालयों में सेवाएँ अर्पित करते रहे थे। इस दरम्यान, सन् 2004 में आपको परमधर्मपीठीय राजदूत नियुक्त कर इण्डोनेशिया एवं तिमोर लेस्ते भी प्रेषित किया गया था।

महाधर्माध्यक्ष मैलकम रंजीत सिंघली, तमिल, अँग्रेज़ी भाषाएँ धाराप्रवाह रूप से बोलते हैं किन्तु इनके अतिरिक्त वे जर्मन, फ्रेंच, इताली, स्पानी, इण्डोनेशियाई-भासा, ग्रीक, लैटिन एवं हिब्रू के भी ज्ञाता हैं।

20 नवम्बर को रोम के सन्त पेत्रुस महागिरजाघर के प्राँगण में नये कार्डिनलों का अनुष्ठान समारोह सम्पन्न होगा।










All the contents on this site are copyrighted ©.