2010-10-14 18:31:07

मध्य पूर्व में ईसाईयों की कम होती जनसंख्या


वाटिकन में मध्य पूर्व के धर्माध्यक्षों की विशेष धर्मसभा 10 से 24 अक्तूबर तक सम्पन्न हो रही है। 12 और 13 अक्तूबर के सत्रों में अनेक धर्माध्यक्षों ने अपने विचार व्यक्त करते हुए इस पर सहमति व्यक्त किया कि राजनैतिक संघर्षों तथा प्रवसन में तेजी आने से मध्य पूर्व में ईसाईयों की उपस्थिति के सामने गंभीर ख़तरा उत्पन्न हो गया है। मंगलवार के सत्रों के बाद बुधवार को धर्मसभा के धर्माचार्यों ने भाषाओं के आधार पर छोटे छोटे समूहों में बैठकर विचार विमर्श किया। कार्य समूह में पहली बार अरबी भाषा का भी उपयोग किया जा रहा है। मेलकाइत काथलिक चर्च के अधिकारी अंतियोक के प्राधिधर्माध्यक्ष ग्रेगोरी तृतीय लहाम, ने कहा कि क्षेत्र में राजनैतिक अस्थिरता का मूल कारण इस्राएली-फिलीस्तीनी संघर्ष है। इस संर्घष के कारण हमास और हेजबोल्लाह जैसे इस्लामिक चरमपंथी अभियान शुरू हुए हैं। इसके साथ ही आंतरिक स्तर पर असंतोष, धीमा विकास , नफरत में वृद्धि, युवाओं में आशा की कमी है जो अरब आबादी का 60 प्रतिशत हैं।
मेल्काइत प्राधिधर्माध्यक्ष ने कहा कि युद्ध और प्रवसन के कारण ईसाईयों की उपस्थिति कम हो गयी है तथा यह खतरा है कि एक दिन मध्य पूर्व में केवल मुसलिम ही रह जायेंगे। उन्होंने कहा कि यदि ऐसा होता है, मध्य पूर्व बिना ईसाईयों का हो जाये तो इसका अर्थ यह होगा कि कोई भी अवसर संस्कृति, सभ्यता और यहाँ तक कि धर्मों के नये संघर्ष को जन्म दे देगी, इस्लामिक अरब जगत तथा पश्चिमी ईसाई जगत के मध्य विनाशकारी टकराव होंगे।
येरूसालेम में लातिनी रीति के महाधर्माध्यक्ष फाउद तवाल ने विश्व के ईसाईयो से आग्रह किया कि प्रार्थना, तीर्थयात्रा तथा आर्थिक और राजनैतिक समर्थन देकर वे होली लैंड के ईसाईयों के प्रति ठोस रूप में अपने प्रेम का प्रदर्शन करें। इराक में मोसुल के सीरियाई काथलिक महाधर्माध्यक्ष बासिले कासमाउसा ने जिनके महाधर्मप्रांत में ईसाई विरोधी हिंसा की अनेक घटनाएँ होती रही हैं तथा जो स्वयं 2005 में अपहरण का शिकार हुए थे उन्होंने कहा कि अनेक कारणों से ईसाईयों की उपस्थिति में कमी आ रही है। ये हैं- आत्मविश्वास की कमी, इस्लामी चरमपंथियों द्वारा प्रताडि़त करने का अभियान, जन्म दर में कमी तथा ईसाईयों को मध्य पूर्व में विदेशी पाश्चात्य उपस्थिति के प्रतीक के रूप में देखा जाना।







All the contents on this site are copyrighted ©.