2010-10-13 12:44:45

खारतूमः सूडान के कार्डिनल बाल बाल बचे


खारतूम के महाधर्माध्यक्ष तथा सूडान के काथलिक धर्माधिपति कार्डिनल गाब्रिएल ज़ूबीर वाको रविवार को प्राणघाती हमले से बच गये।

अफ्रीका के लिये काथलिक सूचना सेवा ने प्रकाशित किया कि रविवार को सूडान के संरक्षक सन्त डेनियल कोमबोनी के पर्व पर कार्डिनल गाब्रिएल एक खुले मैदान में हज़ारों विश्वासियों के लिये ख्रीस्तयाग अर्पित कर रहे थे। ख्रीस्तयाग के समय हाथ में तलवार लिये एक नृतक के वेश में हत्यारा प्रस्तुत हुआ किन्तु सुरक्षा कर्मियों ने हमला करने से पहले ही उसे दबोच लिया। गिरफ्तार व्यक्ति का नाम हमदम मुहम्मद अब्बदुर्रहमान बताया गया है जो दक्षिणी सूडान का अरबी नागरिक है। हमले की वजह पर पुलिस ने अब तक कुछ नहीं बताया है। खारतूम महाधर्मप्रान्त के प्रवक्ता ने कहा कि यह पता लगाने का प्रयास किया जायेगा कि हमले की वजह क्या थी तथा इसके पीछे कौन था।

सूडान में ख्रीस्तीय धर्म का प्रचार कर डेनियल कोमबोनी ने सन् 1867 ई. में कोमबोनी मिशनरी धर्मसमाज की स्थापना की थी। धार्मिक एवं सांस्कृतिक समारोहों सहित प्रति वर्ष उनका पर्व खारतूम तथा सम्पूर्ण सूडान में मनाया जाता है।








All the contents on this site are copyrighted ©.