2010-08-12 17:30:59

भारत में वाटिकन के नये राजदूत महाधर्माध्यक्ष साल्वातोरे पेन्नाकियो नई दिल्ली पहुंचे


भारत में वाटिकन के नये राजदूत महाधर्माध्यक्ष साल्वातोरे पेन्नाकियो का 9 अगस्त को नई दिल्ली पहुंचने पर काथलिक अधिकारियों ने सहर्ष स्वागत किया। भारतीय काथलिक धर्माध्यक्षीय सम्मेलन के उप महासचिव फादर थोमस दि अक्वीनो सेक्वेरा ने कहा कि उन्हें पाकर हम बहुत खुश हैं। भारत को राजदूत महोदय की जरूरत थी क्योंकि भूतपूर्व राजदूत सात माह पहले ही चले गये। महाधर्माध्यक्ष पेद्रो लोपेज क्विंताना के उत्तराधिकारी के रूप में 57 वर्षीय महाधर्माध्यक्ष पिन्नाकियो को 8 मई को संत पापा ने भारत में वाटिकन का राजदूत नियुक्त किया। नई दिल्ली पहुँचने पर नये राजदूत ने कहा कि वे पहली बार भारत आये हैं और भारत की कलीसियाओं के साथ मिलकर काम करेंगे। गौर किया जाये कि भारत में काथलिक चर्च में लातिनी, सीरो मलाबार और सीरो मलंकारा रीति की कलीसियाएं हैं और तीनों रीतियों का प्रतिनिधित्व भारतीय काथलिक धर्माध्यक्षीय सम्मेलन सीबीसीआई में है।
भारत में वाटिकन के राजदूत नियुक्त किये जाने से पूर्व महाधर्माध्यक्ष पिनकियो बैंकाक में रहते हुए 7 साल तक थाईलैंड, सिंगापुर और कम्बोडिया में वाटिकन के राजदूत तथा म्यांमार, लाओस, मलेशिया और ब्रुनेई के लिए प्रेरितिक प्रतिनिधि के रूप में कार्यरत थे। महाधर्माध्यक्ष पिन्नाकियो भारत की राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल के समक्ष अपना प्रत्यय पत्र प्रस्तुत करने के बाद भारत में वाटिकन के नये राजदूत के रूप में आधिकारिक रूप से काम करना शुऱू करेंगे।








All the contents on this site are copyrighted ©.