2010-06-30 12:27:29

पटनाः नकाबपोश बन्दूरचियों ने पुरोहित को किया घायल


बिहार राज्य के मोकामा में तीन नकाबपोश बदूकचियों ने 28 जून को एक काथलिक पुरोहित पर आक्रमण कर उन्हें घायल कर दिया। गोली चालन के कारण का पता नहीं चल पाया है।
मोकामा के काथलिक पल्ली पुरोहित फादर माईकिल इग्नेशियस को चार गोलियाँ लगीं जिससे उनके हाथ ज़ख्मी हो गये हैं। आक्रमण के तुरन्त बाद उन्हें पटना स्थित होली फेमिली अस्पताल ले जाया गया जहाँ अभी भी उनका उपचार चल रहा है।
फादर इग्नेशियस ने बताया कि वे पल्ली निवास में टेलेविज़न देख रहे थे कि अचानक तीन नकाबपोश व्यक्ति उनके कमरे में घुस आये तथा उनपर अन्धाधुन्ध गोलियाँ चला दी। फादर के अनुसार बन्दूकची उनके वक्ष को निशाना बनाना चाहते थे किन्तु अपने हाथों से फादर ने गोलियाँ रोक ली जिससे दोनों हाथ ज़ख्मी हो गये हैं।
आक्रमण के समय पल्ली के सहयोगी पुरोहित फादर आलेक्स वेदामिकियाम अपने कमरे में थे इसलिये आक्रामक उनपर निशाना नहीं साध पाये।
पल्ली निवास के चौकीदार ने एक हमलावर की पहचान कर ली है जिसके अनुसार वह एक काथलिक धर्मानुयायी है। पुलिस ने संदिग्ध के भाई को हिरासत में ले लिया है।
आक्रमण क्यों किया गया इसका पता नहीं चल पाया है किन्तु पुलिस के अनुसार इसका कारण डकैती नहीं हो सकता क्योंकि चौकीदार के सैल फोन के अलावा कुछ भी चोरी नहीं हुआ है।
ग़ौरतलब है कि पटना का निकटवर्ती मोकामा अपराधियों के लिये कुख्यात है। सन् 2005 में यहाँ पटना महाधर्मप्रान्त के प्रतिधर्माध्यक्ष फादर मैथ्यू ऊज़ुथल की हत्या कर दी गई थी।








All the contents on this site are copyrighted ©.