2010-06-07 16:30:58

पोलैंडवासी शहीद पुरोहित फादर जेरजी पोपियेलुसको की धन्य घोषणा


संत पापा बेनेडिक्ट 16 वें ने पोलैंड में रविवार 6 जून को आयोजित फादर जेरजी पोपियेलुसको की धन्य घोषणा समारोह पर हर्ष व्यक्त किया। निकोसिया के एलेफ्तेरिया खेल सेन्टर में मध्याह्न देवदूत संदेश प्रार्थना के पाठ करने से पूर्व दिये गये संक्षिप्त टिप्पणी में उन्होंने कहा कि पुरोहित और शहीद फादर जेरजी पोपियेलुसको की धन्य घोषणा के इस सुखद अवसर पर वे पोलैंड की कलीसिया को हार्दिक शुभकामनाएँ देते हैं। उनकी शहादत और उत्साहपूर्ण सेवा बुराई पर अच्छाई की जीत का विशेष चिह्न है। उनका उदाहरण और उनकी मध्यस्थता पुरोहितों के उत्साह को पोषण प्रदान करे तथा विश्वासियों के दिल को प्रेम से आलोकित करे। ज्ञात हो कि 37 वर्षीय पुरोहित फादर जेरजी पोलिश सोलिडारिटी अभियान के चैपलिन थे। वे सन 1984 में शहीद हो गये जब साम्यवादी एजेंटों ने उनकी पिटाई की तथा विस्तुला नदी के बर्फ जैसी ठंढकवाले पानी में फेंक दिया। फादर जेरजी की अंत्येष्टि समारोह में 4 लाख लोग शामिल हुए थे। अबतक लगभग 17 मिलियन लोगों ने उनकी समाधिस्थल के दर्शन किये हैं। उनकी हत्या 19 अक्तूबर को हुई थी। इस दिन प्रतिवर्ष 24 घंटे का प्रार्थना जागरण आयोजित किया जाता है। वारसा के पिलसुदिस्की चौराहे में आयोजित फादर जेरजी की धन्य घोषणा समारोह की अध्यक्षता संत घोषणा प्रकरण परिषद के अध्यक्ष महाधर्माध्यक्ष अंजेलो अमातो ने की। उनके साख 120 धर्माध्यक्ष तथा 1400 पुरोहित सह अनुष्ठाता थे। धन्य घोषणा समारोह में शहीद पुरोहित की 90 वर्षीय माँ, भाईयों और बहनों सहित लगभग एक लाख 50 हजार विश्वासी शामिल हुए।








All the contents on this site are copyrighted ©.