(पोरतो पुर्तगाल) पुर्तगाल की चार दिवसीय प्रेरितिक यात्रा की समाप्ति पर पोरतो स्थित
फ्रांसिस्को सा कारनेरियो अंतरराष्ट्रीय हवाई अडडे पर संत पापा बेनेडिक्ट 16 वें के लिए
विदाई समारोह आयोजित किया गया। पुर्तगाल के राष्ट्रपति, विशिष्ट सज्जनों और देवियों,
प्रशासनिक और धार्मिक अधिकारियों तथा आमजनता को सम्बोधित करते हुए संत पापा ने कहा-
उनका दिल पुर्तगाल की तीर्थयात्रा की अनेक महान और जीवंत यादों से भर गया है। हार्दिक
स्वागत, विभिन्न समूहों के साथ मुलाकात से बनी सामुदायिकता का बंधन तथा मेषपालीय कार्य़क्रम
की तैयारी और इसे पूरा करने में लगी कठिन मेहनत इन सबको वे दीर्घकाल तक याद रखेंगे। उनकी
कामना है कि लोग बढ़ते सामंजस्य में एक दूसरे के साथ जीवन यापन करें जो यथार्थ सम्मिलन
और सह जिम्मेदारी की भावना में सामयिक चुनौतियों का जवाब देने के लिए जरूरी है।
संत
पापा ने कहा कि यह गौरवमय देश महानता की भावना, ईश्वर के प्रति गहन भक्ति तथा सह्दयता
के प्रति खुलापन की भावना को प्रदर्शित करना तथा ख्रीस्तीय मानववाद से अनुप्राणित मूल्यों
और सिद्धान्तों के द्वारा संचालित होना जारी रखे। उन्होंने फातिमा में सम्पूर्ण विश्व
के लिए प्रार्थना अर्पित किया ताकि भविष्य में बंधुत्व और सह्दयता, परस्पर सम्मान और
ईश्वर पर नवीकृत आस्था और भरोसा बढ़े।
संत पापा ने कहा कि पुर्तगाल के कलीसियाई
समुदाय में विश्वास और भक्ति की साक्षी को देखना उनके लिए आनन्दायक रहा है। बच्चो और
युवाओं का उत्साह, पुरोहितों, धर्मसमाजियों तथा धर्माध्यक्षों का मेषपालीय समर्पण, संस्कृति
की दुनिया में सत्य तथा सौंदर्य की खोज की इच्छा, सामाजिक मेषपालीय कार्यकर्त्ताओं की
रचनाशीलता तथा लोकधर्मियों के मध्य विश्वास की जीवंतता को उन्होंने देखा। उनकी आशा है
कि यह प्रेरितिक दौरा नवीकृत आध्यात्मिक और प्रेरितिक प्रयासों को बढ़ाने में सहायक सिद्ध
होगा। उनकी कामना है कि येसु के सुसमाचार को इसकी पूर्णता में स्वीकार किया जाये तथा
येसु का हर शिष्य इसकी साक्षी दे ताकि यह सम्पूर्ण समाज के सच्चे नवीनीकरण में खमीर के
रूप में दिख सके।