2010-05-12 13:00:26

लिसबनः पुर्तगालियों से सन्त पापा ने सुसमाचार की ओर लौटने की अपील की


लिसबन के तेर्रियेरो दे पासो मैदान में मंगलवार सन्ध्या सन्त पापा बेनेडिक्ट 16 वें ने ख्रीस्तयाग अर्पित किया जिसमें एक लाख से अधिक श्रद्धालु उपस्थित हुए। इस अवसर पर सन्त पापा ने काथलिक धर्मानुयायियों का आह्वान किया कि वे ख्रीस्तीय सुसमाचार के प्रति पुनः अभिमुख होवें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक काथलिक धर्मानुयायी का दायित्व है कि वह सामयिक जीवन के हर क्षेत्र में सुसमाचार के आनन्द एवं आशा के साक्षी बनें।

श्रद्धालुओं से खचाखच भरे तेर्रियेरो दे पासो मैदान के प्रवेश द्वार पर सन्त पापा की पारदर्शी मोटरगाड़ी के पहुँचते ही करतल ध्वनि की गड़गड़हट से सम्पूर्ण वातावरण गुँजायमान हो उठा। गीतों, जयनारों एवं विशाल पोस्टरों तथा ध्वजों को फहराकर लिसबन के काथलिकों ने सन्त पापा का अपने मध्य भावपूर्ण स्वागत किया। मौसम विभाग ने वर्षा की चेतावनी दी थी किन्तु इसके बावजूद सूर्य की रोशनी से सम्पूर्ण तेर्रियेरो दे पासो मैदान चमचमा उठा जिसके पिछले भाग में तागुस नदी तथा उसपर विचरती छोटी बड़ी नौकाएँ, ख्रीस्तयाग के लिये निर्मित विशाल चन्द्रातप वेदी की, मनोरम पृष्टभूमि प्रस्तुत कर रहीं थीं।

पुर्तगाल में सन्त पापा बेनेडिक्ट 16 वें की चार दिवसीय यात्रा का यह प्रथम धर्मविधि समारोह था जिसमें पुर्तगाल के काथलिक धर्माधिपति तथा प्राधिधर्माध्यक्ष कार्डिनल होसे दा क्रूज़ पोलीकारपो ने उपस्थित भक्त समुदाय के मध्य सन्त पापा का अभिवादन किया। पुर्तगाल की यात्रा का निमंत्रण स्वीकार करने के लिये कार्डिनल महोदय ने सन्त पापा के प्रति आभार व्यक्त किया और इस विश्वास की अभिव्यक्ति की कि कलीसिया के परमाध्यक्ष की देश में उपस्थिति लोगों को उनकी ख्रीस्तीय जड़ों एवं आध्यात्मिक मूल्यों का स्मरण करायेगी ताकि वे वर्तमान विश्व द्वारा प्रस्तुत गम्भीर चुनौतियों का सामना कर सकें। इन चुनौतियों में उन्होंने आप्रवास को गिनाया और कहा कि पुर्तगाल ने बाहर से आये लोगों का अपने यहाँ स्वागत किया है भले ही वे विभिन्न धर्मों के ही अनुयायी क्यों न हों। उन्होंने कहा कि कलीसिया ख्रीस्त में अपने विश्वास को बरकरार रखते हुए अन्य धर्मों के साथ सम्वाद के लिये सदैव समर्पित रहेगी ताकि सामान्य मूल्यों की खोज की जा सके तथा शांति एवं न्याय से परिपूर्ण बेहतर विश्व की रचना की जा सके।








All the contents on this site are copyrighted ©.