2010-05-05 11:55:15

वाटिकन सिटीः बेनेडिक्ट 16 वें की पुर्तगाल यात्रा का कार्यक्रम प्रकाशित


वाटिकन प्रेस के निर्देशक फादर फेदरीको लोमबारदी ने मंगलवार को पत्रकारों के समक्ष सन्त पापा बेनेडिक्ट 16 वें की पुर्तगाल यात्रा का विवरण प्रकाशित किया।

11 से 14 मई तक सन्त पापा बेनेडिक्ट 16 वें पुर्तगाल की यात्रा पर रहेंगे।

इस यात्रा के दौरान सन्त पापा जसिन्ता एवं फ्राँसिसको मार्तो की धन्य घोषणा की दसवीं वर्षगाँठ के समारोह में शामिल होंगे और साथ ही उनकी चचेरी बहन लूसिया दोस सान्तोस के निधन की पाँचवा बरसी मनायेंगे। फातिमा के इन तीनों चरवाहों ने सन् 1917 ई. में माँ मरियम के दर्शन पाये थे।

फातिमा स्थित मरियम तीर्थ की भेंट करनेवाले बेनेडिक्ट 16 वें तीसरे सन्त पापा होंगे। इससे पूर्व सन् 1967 में सन्त पापा पौल षष्टम तथा सन् 1982, 1991 तथा सन् 2000 में सन्त पापा जॉन पौल द्वितीय ने फातिमा के मरियम तीर्थ पर श्रद्धार्पण किया था।

पुर्तगाल में सन्त पापा बेनेडिक्ट 16 वें की आगामी यात्रा के सन्दर्भ में फादर लोमबारदी ने कहा कि फातिमा वह मरियम तीर्थ है जहाँ सम्पादित घटनाओं से बेनेडिक्ट 16 वें, धर्मतत्वविज्ञान एवं आध्यात्मिकता की दृष्टि से भी, गहराई से संयुक्त रहे हैं।

इटली से बाहर बेनेडिक्ट 16 वें की यह 15 वीं प्रेरितिक यात्रा होगी।








All the contents on this site are copyrighted ©.