2010-04-06 12:02:22

फिलीपिन्सः ईस्टर के दिन अपहरण की निन्दा


फिलीपिन्स के ज़ामबोआँगा महाधर्मप्रान्त में ईस्टर के दिन एक स्विज़ नागरिक के बेटे के अपहरण की कलीसियाई अधिकारी ने कड़ी निन्दा की।

मनीला से कुछ आठ सौ किलो मीटर की दूरी पर स्थित ज़ामबोआँगा महाधर्मप्रान्त के प्रवक्ता फादर डेविड अलोन्सो ने अपहरण को निन्दनीय कृत्य निरूपित किया।

स्थानीय पुलिस के अनुसार, रविवार, चार अप्रैल को 72 वर्षीय चार्ली रीथ का अपहरण, हथियारों से लैस, आठ अज्ञात पुरुषों द्वारा कर लिया गया था। चार्ली रीथ स्विज़ पिता एवं फिलीपिनों माता के पुत्र थे। चार्ली के साथी जर्मनी के कार्ल राईख़लिंग किसी तरह अपहरण कर्त्ताओं के चँगुल से छूट कर भाग निकलने में सफल हो गये।

अब तक किसी भी व्यक्ति अथवा दल ने अपहरण की ज़िम्मेदारी नहीं ली है किन्तु अधिकारियों के अनुसार अपहरण का उद्देश्य फिरौती राशि की मांग हो सकता है।

ज़ामबोआँगा विगत कुछ समय से विदेशियों के अपहरण के लिये समाचारों में आता रहा है। यहाँ अतीत में तायवान, बैलजियम, जर्मनी तथा चीनी विदेशियों का अपहरण किया गया था तथा फिरौती राशि हासिल करने के बाद ही उन्हें रिहा किया गया था।








All the contents on this site are copyrighted ©.