2010-03-20 13:58:58

अवैध धार्मिक स्थलों की सूची ‘गलत’


गोवा, 20 मार्च, 2010 शनिवार, 2010 (उकान) गोवा के ऊर्जा विकास मंत्री अलेक्स सेक्विरा ने सरकार पर आरोप लगाया है कि उसने गोवा में जिन 800 धार्मिक स्थलों और गिरजाघरों को अवैध घोषित किया है वे सही नहीं है।
उन्होंने माँग की कि इसकी सूची फिर से बनायी जाये। ऊर्जा मंत्री श्री सेक्विरा ने उक्त बात की जानकारी देते हुए स्थानीय संवाददाताओं को बताया कि अवैध घोषित ख्रीस्तीय धर्मस्थल की सूची बिल्कुल ग़लत हैं उन्हें तुरन्त रद्द कर देना चाहिये।
विदित हो कि सर्वोच्च न्यायालय ने राज्य सरकारों को यह निर्देश दिया था कि वे उन धार्मिक और पूजास्थलों को चिन्हित कर सूची बनायें जो सरकारी भूमि पर निर्मित हैं।
सुप्रीम कोर्ट ने राज्य सरकारों को यह भी आदेश दिये थे कि सरकारी ज़मीन पर अतिक्रमित धार्मिक स्थलों की समस्या के समाधान के लिये वह आठ सप्ताह के अंदर एक नीति बनाये।
इस नीति के तहत सरकार धार्मिक या पूजा स्थलों को हटाने, ढाह देने या उसे पुनर्स्थापित करने का निर्णय ले सकती है। सुप्रीम कोर्ट ने इस कार्य की धीमी प्रगति पर अपनी चिन्ता जतायी है।
श्री सेक्विरा ने बताया कि उत्तरी और दक्षिणी गोवा के आयुक्तों ने करीब 800 आराधना स्थलों को अवैध पाया है जिनमें कई गिरजाघर मंदिर और क्रूस भी हैं।
ऊर्जा मंत्री ने आयुक्तों की ग़लती को इंगित करते हुए प्रश्न किया कि गोवा के वेरना चर्च को राज्य सरकार ने अपने क्षेत्रीय विकास योजना में विरासत स्थल की सूची में रखा है वह कैसे अवैध हो गया है।
श्री अलेक्स ने कहा कि सरकार को चाहिये कि वह अवैध धार्मिक स्थलों की सूची फिर से बनाये।








All the contents on this site are copyrighted ©.