2010-02-24 12:04:58

वाटिकन सिटीः पुर्तगाल के बाढ़ पीड़ितों के प्रति सन्त पापा की संवेदना


पुर्तगाल के बाढ़ पीड़ितों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त करते हुए सन्त पापा बेनेडिक्ट 16 वें ने विगत शनिवार के बाढ़ एवं भूस्खलन से प्रभावित सभी लोगों को अपनी प्रार्थनाओं का आश्वासन दिया है।

मंगलवार को वाटिकन राज्य सचिव कार्डिनल तारचिसियो बेरतोने ने सन्त पापा की ओर से बाढ़ प्रभावित क्षेत्र फुँकाल के काथलिक धर्माध्यक्ष अन्तोनियो होसे कवाको कारिल्हो के नाम एक तार सन्देश प्रेषित किया। बाढ़ में मारे गये लोगों के शोकाकुल परिजनों के प्रति उन्होंने कर गहन सहानुभूति का प्रदर्शन किया।

ग़ौरतलब है कि पुर्तगाल के मदीरा क्षेत्र में घनघोर वर्षा के बाद आये तूफान, बाढ़ एवं भूस्खलन में अब तक 42 व्यक्तियों के मरने की पुष्टि हो चुकी है तथा 13 व्यक्ति लापता हैं। सैकड़ों घायल हो गये हैं तथा मकानों को भारी क्षति पहुँचने के कारण कम से कम 400 परिवार बेघर हो गये हैं।

तार सन्देश में कार्डिनल बेरतोने ने लिखा, "सम्पूर्ण स्थानीय समुदाय के प्रति सन्त पापा अपनी चिन्ता व्यक्त करते, मृतकों को ईश करूणा के सिपुर्द करते तथा उनके शोकाकुल परिजनों, घायलों एवं बाढ़ में अपनी सम्पत्ति खोनेवालों को समर्थन देते हुए अपनी प्रार्थनाओं में उनकी याद करने का आश्वासन देते हैं।"

कार्डिनल महोदय ने लिखा कि इस त्रासदी से प्रभावित सभी लोगों को सन्त पापा आशीर्वाद देते तथा उनपर सान्तवनादायी ईश्वरीय कृपा की आर्त याचना करते हैं। मदीरा के बाढ़ प्रभावित लोगों को राहत सहायता पहुँचाने का जो लोग नेक कार्य कर रहे हैं उनपर भी वे प्रभु की आशीष की कामना करते हैं।

इस बीच, अन्तरराष्ट्रीय काथलिक उदारता संगठन कारितास की स्थानीय शाखाएँ राहत कार्यों में जुटीं हैं तथा सैकड़ों बेघर लोगों के लिये अस्थाई तम्बुओं का निर्माण कर रहीं हैं।










All the contents on this site are copyrighted ©.