2010-02-16 11:43:46

ब्रसल्सः बैलजियम के धर्माध्यक्षों ने ट्रेन दुर्घटना के शिकार लोगों के लिये प्रार्थना का आग्रह किया


बैलजियम के काथलिक धर्माध्यक्षों ने ट्रेन दुर्घटना के शिकार लोगों के लिये प्रार्थना का आग्रह किया है।

सोमवार को राजधानी ब्रसल्स से 15 किलो मीटर की दूरी पर हाल्ले उपनगर के निकटवर्ती ब्यूज़ींगन गाँव में दो रेलगाड़ियों की सम्मुख टक्कर में कम से कम 18 व्यक्तियों के प्राण चले गये तथा 100 से अधिक घायल हो गये। इनमें 11 की स्थिति गम्भीर बताई गई है।

ब्रसल्स के सेवानिवृत्त कार्डिनल गॉडफ्रीड डानील्स तथा ब्रस्ल के वर्तमान महाधर्माध्यक्ष आन्द्रे जोसफ लेनार्ड ने एक सन्देश जारी कर देश के धर्माध्यक्षों की ओर से दुर्घटना के शिकार लोगों के प्रति गहन संवेदना का प्रदर्शन किया तथा प्रार्थनाओं द्वारा आध्यात्मिक रूप से उनके परिजनों के साथ रहने का आश्वासन दिया।

सन्देश में कहा गयाः "इस सोमवार प्रातः हमारे देश में हुई गम्भीर रेल दुर्घटना ने हमारे हृदयों को दुःख से भर दिया है। बैलजियम के काथलिक धर्माध्यक्षों की ओर से हम इस दुर्घटना से प्रभावित सभी लोगों एवं उनके परिजनों के प्रति सहानुभूति का प्रदर्शन करते हैं। मृतकों को हम ईश करूणा के सिपुर्द करते तथा प्रार्थना करते हैं कि प्रभु ईश्वर घायल एवं शोकाकुल लोगों को साहस एवं शक्ति का वरदान दें।"








All the contents on this site are copyrighted ©.