2010-01-05 12:17:42

चीनः भूमिगत कलीसिया के धर्माध्यक्ष सिवान्ज़ी का निधन, अन्येष्टि के लिये सुरक्षा इन्तज़ाम कड़े


चीन के हेबेई प्रान्त के काथलिक धर्माध्यक्ष लियो सिवान्ज़ी का निधन तीस दिसम्बर को अस्पताल में हो गया। तीस माहों तक कै़द रहने के बाद 86 वर्षीय धर्माध्यक्ष सिवान्ज़ी को 25 जनवरी सन् 2009 को गम्भीर हालत में अस्पताल में भर्ती किया गया था।

काथलिक धर्म के पालन के लिये सन् 2006 के जुलाई माह में धर्माध्यक्ष लियो सिवान्ज़ी गिरफ्तार कर श्रम शिविर में भेज दिये गये थे। उनकी रिहाई के बाद भी अस्पताल में उन पर कड़ा पहरा लगा रहता था। ग़ौरतलब है कि चीन में केवल चीनी सरकार समर्थित देशभक्त कलीसिया में पंजीकृत होकर ही धर्मपालन की अनुमति मिलती है जो इस कलीसिया से संयुक्त नहीं होते उन्हें गुप्त रूप से अपने विश्वास का पालन करना पड़ता है।

हाँग काँग धर्मप्रान्त के अनुसन्धान केन्द्र के एन्थोनी लाम ने एशिया समाचार को बताया कि छः जनवरी को धर्माध्यक्ष लियो सिवान्ज़ी की अन्येष्टि सम्पन्न की जायेगी किन्तु इसके लिये चीनी अधिकारियों ने कड़ी सुरक्षा का इन्तज़ाम किया है तथा आदेश दिया है कि धर्माध्यक्ष सिवान्ज़ी की अन्तयेष्टि विधि केवल एक पुरोहित रूप में की जाये। हेबेई प्रान्त के बाहर से भी कोई अन्तयेष्टि में भाग नहीं ले पायेगा तथा धर्माध्यक्ष की निधन सूचना के वितरण पर भी रोक लगा दी गई है।











All the contents on this site are copyrighted ©.