2009-12-23 11:57:05

मुम्बईः भाजपा नेता द्वारा आयोजित क्रिसमस समारोह में ख्रीस्तीय, मुसलमान एवं हिन्दु सभी शामिल


मुम्बई के बान्द्रा उपनगर में इस सप्ताह क्रिसमस महापर्व के उपलक्ष्य में एक रंगारंग कार्यक्रम आयोजित किया गया जिसमें ख्रीस्तीयों के साथ साथ मुसलमानों एवं हिन्दुओं ने भी भाग लिया। ग़ैरसरकारी कल्याणकारी संगठन "आत्मविश्वास" की सहायता हेतु समारोह का आयोजन किया गया था जिसमें 4000 से अधिक लोग उपस्थित हुए।

भारतीय जनता पार्टी के आशीष शैलर के तत्वाधान में क्रिसमस समारोह का आयोजन किया गया जिसका शीर्षक थाः "आओ हम सब मिलकर येसु की जयन्ती मनायें।" समारोह के दौरान कई क्रिसमस भजन जैसे साईलेन्ट नाईट गाये गये किन्तु साथ में कई मूल रचनाएँ भी सुनने को मिली जैसे एक मुसलमान गायक बशीर शेख द्वारा गाया "इट्स क्रिसमस डे टूडे।"

समारोह में खटास तब आ गई जब एकाएक पुलिस ने आकर शोर बन्द करने का आदेश दिया किन्तु लोगों ने शान्ति भंग नहीं होने दी।

एशिया न्यूज़ से बातचीत में भाजपा नेता आशीष शैलर ने कहा कि क्रिसमस समारोह के आयोजन का उद्देश्य लोगों को अपनी संस्कृति की अभिव्यक्ति का मौका देना था। उन्होंने कहा कि भारत के धर्मनिरपेक्ष मूल्य उसके संविधान में निहित हैं। उन्होंने कहा, "एक वकील होने के नाते मैंने कई अवसरों पर भारतीय ख्रीस्तीय समुदाय के अधिकारों की रक्षा की है और यह सराहनीय है कि ख्रीस्तीय समुदाय ने कभी अवैधानिक मांग नहीं की, यह समुदाय वार्ता, सहिष्णुता एवं शांति के लिये विख्यात है।"








All the contents on this site are copyrighted ©.