2009-12-07 12:41:38

वाटिकन सिटीः कोपेनहागन की सफलता के लिये सन्त पापा की शुभकामनाएँ


रोम स्थित सन्त पेत्रुस महागिरजाघर के प्राँगण में रविवार को एकत्र तीर्थयात्रियों के साथ देवदूत प्रार्थना के पाठ के बाद सन्त पापा बेनेडिक्ट 16 वें ने कोपेनहागन शिखर सम्मेलन की सफलता हेतु शुभकामनाएं व्यक्त कीं। यह सम्मेलन डेनमार्क में सोमवार को आरम्भ हुआ तथा दो सप्ताहों तक जारी रहेगा।

सन्त पापा ने कहा ........... "कल कोपेनहागन में जलवायु परिवर्तन पर संयुक्त राष्ट्र संघ का सम्मेलन शुरु हो रहा है। इस सम्मेलन में अन्तरराष्ट्रीय समुदाय की चर्चा का उद्देश्य गर्म होते विश्व के तापमान को कम करना होगा। मेरी मंगलकामना है कि सम्मेलन का विचार विमर्श सृष्टि के प्रति सम्मान तथा मानव प्रतिष्ठा एवं जनकल्याण की दिशा में एकात्मता से परिपूर्ण विकास नीतियों को प्रोत्साहन करने के लिये मार्गदर्शक सिद्ध होगा। सृष्टि की सुरक्षा के लिये लोगों को ज़िम्मेदारी के साथ अपनी जीवन शैली बदलनी होगी तथा निर्धनों एवं भावी पीढ़ियों का ख्याल करना होगा। इस परिप्रेक्ष्य में, सम्मेलन की पूर्ण सफलता हेतु आश्वासन प्राप्त करने के लिये मैं सभी शुभचिन्तकों को आमंत्रित करता हूँ कि वे ईश्वर एवं प्रकृति के नियमों का पालन करें तथा मानव जीवन के नैतिक आयाम की खोज करें।"

कोपेनहागेन सम्मेलन में लगभग 190 राष्ट्रों के राष्ट्राध्यक्ष एवं सरकारों के प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं।









All the contents on this site are copyrighted ©.