2009-11-11 12:04:25

वाटिकन सिटीः ईश्वर की बात करना आज की सबसे बड़ी चुनौती, सन्त पापा बेनेडिक्ट 16 वें


इटली के असीसी नगर में इस समय जारी इताली काथलिक धर्माध्यक्षीय सम्मेलन की 60 वीं आम सभा को प्रेषित सन्देश में सन्त पापा बेनेडिक्ट 16 वें ने कहा कि आज की सबसे बड़ी चुनौती ईश्वर के बारे में बात करना है।

इटली के काथलिक धर्माध्यक्षों को प्रेषित सन्त पापा के सन्देश की प्रकाशना मंगलवार को की गई।

सन्देश में सन्त पापा ने शिक्षा सम्बन्धी समस्या तथा पुरोहितों को समर्पित वर्ष पर विशेष ध्यान केन्द्रित किया। शिक्षा के विषय में सन्त पापा ने कहा कि यह एक ऐसी चुनौती है जो समाज के सभी वर्गों को प्रभावित करती है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, कलीसिया के सभी क्षेत्रों से सम्बन्धित है तथा आधुनिक जगत द्वारा प्रस्तुत महान चुनौतियों का सामना संकल्प के साथ करने के लिये यह नितान्त आवश्यक है। इस सन्दर्भ में सन्त पापा ने मानव प्रकृति एवं मानव मर्यादा के सम्मान पर बल दिया। उन्होंने कहा कि व्यक्ति की शिक्षा तब ही पूर्ण कहला सकती है जब मानव प्रकृति एवं मानव प्रतिष्ठा के प्रति सम्मान को उसके साथ जोड़ा जाये तथा सृष्टिकर्त्ता ईश्वर की चर्चा की जाये।

सन्त पापा ने धर्माध्यक्षों से कहा, "हमें विश्व में, फिर से, ईश्वर के सत्य को लाना होगा, ईश्वर का पुनः परिचय देना होगा तथा ईश्वर की पुनर्प्रस्तावना करनी होगी।"








All the contents on this site are copyrighted ©.