2009-10-27 12:10:59

आदिस आबेबाः गर्भ एवं प्रसव सम्बन्धी मृत्यु में कमी लाने के लिये तत्काल कार्रवाई आवश्यक


समस्त विश्व के स्वास्थ्य मंत्रियों ने इस बात पर सहमति व्यक्त की है कि प्रति वर्ष गर्भावस्था एवं प्रसव के दौरान मरनेवाली महिलाओं की मृत्यु दर को घटाने के लिये तत्काल कार्रवाई की नितान्त आवश्यकता है।
इथियोपिया की राजधानी आदिस आबेबा में संयुक्त राष्ट्र संघीय जनसंख्या कोष की बैठक में इस बात पर गहन चिंता व्यक्त गई कि अनेक देशों में गर्भ एवं प्रसव के कारण होने वाली मौतों में नित्य वृद्धि देखी गई है।
ग़ौरतलब है कि संयुक्त राष्ट्र संघीय जनसंख्या कोष ने सन् 2015 तक विश्व में गर्भावस्था एवं प्रसव सम्बन्धी मृत्यु दर को दो तिहाई घटाने का लक्ष्य रखा है।
उक्त बैठक में इस बात की ओर भी ध्यान आकर्षित कराया गया कि प्रायः विभिन्न देशों की सांस्कृतिक और धार्मिक मान्यताएं इस लक्ष्य की प्राप्ति में बाधाएँ उत्पन्न करती हैं। मसलन अधिकांश महिलाओं का विश्वास है कि प्रसव के दौरान मौत ईश्वर की इच्छा पर निर्भर होती है लेकिन उन्हें यह जानकारी नहीं है कि इनमें से बहुत सी मौतों को रोका जा सकता है। .
विश्व स्वास्थ्य संगठन ने इस समस्या को 'मानवीय आपात स्थिति' निरूपित किया है।
सहस्त्राब्दी विकास के जो लक्ष्य रखे गए थे, उनमें प्रजनन सम्बन्धी मौत की दर को कम करना भी एक लक्ष्य था लेकिन इसमें बहुत कम प्रगति हुई है। संयुक्त राष्ट्र संघीय जनसंख्या कोष के अनुसार इसका कारण राजनैतिक संकल्प की कमी है।








All the contents on this site are copyrighted ©.