2009-09-30 12:55:51

सामोआः सूनामी में सैकड़ों की मौत


दक्षिणी प्रशांत महासागर में एक शक्तिशाली भूकंप के बाद आई प्रचण्ड सूनामी लहरों ने समोआ एवं अमरीकी समोआ के तटों पर प्रहार किया जिसमें सैकड़ों के मरने तथा हज़ारों के बेघर हो जाने की आशंका है। आवासों एवं वाहनों के भी बह जाने की खबरें मिली हैं।
समोआ के एक अधिकारी के अनुसार समोआ का एक पूरा गांव सूनामी लहरों की चपेट में आकर बह गया है। स्थिति की गंभीरता को दृष्टिगत रखकर अमरीका के केंद्रीय आपात दल को राहत कार्यों के लिए प्रेषित कर दिया गया है।
रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता को 8.3 नापा गया। भूकंप, स्थानीय समयानुसार मंगलवार देर रात, महासागर में 33 किलोमीटर नीचे और समोआ की राजधानी अपिया से 190 किलोमीटर दूर हुआ जिसके बाद समोआ के तटों से तीन मीटर ऊँची सूनामी लहरों को देखा गया।
पैसिफ़िक सूनामी वॉर्निंग सेंटर ने समोआ द्वीपसमूह, न्यूज़ीलैंड, टोंगा, फ़ीजी और बाकी द्वीपों के लिए भी सूनामी की चेतावनी जारी कर दी है।
समोआ द्वीप समूह के दो प्रशासनिक ढाँचे हैं। एक है समोआ देश और दूसरा अमरीकी समोआ जो अमरीका के नियंत्रण में है। इन द्वीपों की कुल आबादी ढाई लाख है।








All the contents on this site are copyrighted ©.