2009-09-23 12:17:04

हैदराबादः येसु धर्मसमाजी एवं समाज सेवक फादर विन्डी के निधन पर भारत में शोक


भारत की ख्रीस्तीय जनता एवं देश के समाज सेवी येसु धर्मसमाजी एवं समाज सेवक फादर विन्डी के निधन पर शोकाकुल हैं जिन्होंने भारत के ग्रामीण जीवन के सुधार हेतु गाँधी जी के तरीकों का प्रयोग किया था।

भारत में ग्रामीण पुनर्निर्माण संगठन वी.आर.ओ. के संस्थापक फादर माईकिल एन्थोनी विन्डी का निधन उनकी जन्मभूमि बैलजियम में 20 सितम्बर को हो गया। 88 वर्षीय फादर विन्डी विगत कुछ समय से कैंसर से पीड़ित थे।

बैलजियम से फादर की भतीजी सबियन आरनॉट ने बताया कि 26 सितम्बर को अन्तयेष्टि याग एवं दफन क्रिया होना तय हुआ है। उन्होंने बताया कि कैंसर के कारण फादर विन्डी बहुत कमज़ोर हो गये थे किन्तु उनकी इच्छा भारत लौटने की थी।

फादर विन्डी का जन्म बैलजियम में सन् 1921 ई. को हुआ था। सन् 1938 ई. में आपने येसु धर्मसमाज में प्रवेश किया तथा 1950 में पुरोहित अभिषिक्त हुए। सन् 1969 तक आप राँची के ग्रामीण इलाकों में सेवा करते रहे जिसके बाद आपने दक्षिण भारत का रुख किया जहाँ आप आन्ध्रप्रदेश में तूफान पीड़ितों की सेवा में लग गये। वहीं आपने ग्रामीण पुनर्निर्माण संगठन वी.आर.ओ. की स्थापना की तथा गाँवासियों के लिये कुएँ खुदवाये, नवीन फसलों के लिये उन्हें शिक्षा दी तथा आवास निर्माण आदि का नेक काम किया।

आन्ध्रप्रदेश में येसुधर्मसमाज के प्रान्ताध्यक्ष के सचिव फादर पीटर राज ने कहा कि फादर विन्डी ने साधारण गाँव वासियों को आत्मनिर्भर बनाकर उन्हें उनकी प्रतिष्ठा दिलवाई। येसु धर्मसमाज की समाज सेवा शाखा के फादर ज़ेवियर जयराज ने बताया कि फादर विन्डी ने जाति और धर्म का भेदभाव किये बिना सबकी सेवा की। उन्होंने कहा कि उनकी सादगी, उनकी उदारता एवं उनके मैत्री भाव के कारण वे सदैव गाँववासियों के आकर्षण का केन्द्र बने रहे।









All the contents on this site are copyrighted ©.