2009-09-23 12:13:34

कास्टेल गोन्दोल्फोः सन्त पापा ने पुरोहितों की मदद का आह्वान किया


रोम शहर के परिसर में कास्टेल गोन्दोल्फो स्थित प्रेरितिक प्रासाद में सोमवार को सम्पूर्ण विश्व में विगत वर्ष के दौरान नियुक्त नवीन धर्माध्यक्षों ने सन्त पापा बेनेडिक्ट 16 वें का साक्षात्कार कर उनका सन्देश सुना।

इस अवसर पर सन्त पापा ने पुरोहितों को समर्पित वर्ष 2009 के सन्दर्भ में धर्माध्यक्षों से आग्रह किया कि वे सुसमाचार के प्रेम सन्देश को फैलाने हेतु अपने पुरोहितों की सहायता करें और साथ ही उनके एवं अपने आध्यात्मिक जीवन के विकास का प्रयास करें। सन्त पापा ने कहा कि लोगों के लिये स्वतः को उपलभ्य बनाना ज़रूरी है किन्तु इसके साथ स्वतः के आध्यात्मिक जीवन का विकास करना भी आवश्यक है।

उन्होंने कहा, "येसु एवं भले गड़ेरिये का अनुसरण प्रत्येक पुरोहित के लिये पवित्रता हासिल करने का अनिवार्य मार्ग है और साथ ही ज़िम्मेदारी के साथ अपनी प्रेरिताई के निर्वाह हेतु ज़रूरी है। यदि पुरोहितों के लिये यह ज़रूरी है तो धर्माध्यक्षों के लिये भी यह उतना ही आवश्यक है।

सन्त पापा ने पुरोहितों एवं धर्माध्यक्षों, दोनों को, प्रति दिन यूखारिस्तीय बलिदान अर्पण, धर्मविधिक पवित्र घड़ियों, रोज़री विनती तथा प्रातः एवं सान्ध्य वन्दनाओं में शरीक होने के लिये प्रोत्साहन प्रदान किया।








All the contents on this site are copyrighted ©.