2009-09-08 12:42:39

फिलीपिन्सः फिलीपिन्स में काथलिक पुरोहित की हत्या


फिलीपिन्स के उत्तरी समर प्रान्त में 48 वर्षीय काथलिक पुरोहित फादर सेसिलियो लूचेरो की कुछ अज्ञात तत्वों ने हत्या कर दी।

पुलिस के अनुसार छः सितम्बर की सुबह घात लगाकर पुरोहित की उस समय हत्या कर दी गई जब वे अपनी टोयोटा वैन को चलाकर ले जा रहे थे। लायुहान गाँव के निकट कुछ तीस व्यक्तियों ने फादर लूचेरो की गाड़ी पर आक्रमण कर दिया जिससे तत्काल उनकी मृत्यु हो गई। फादर के साथ वैन में यात्रा करनेवाले मिरास तथा होसे इसीडोर आगूदा नामक दो अन्य व्यक्ति आक्रमण में गम्भीर रूप से घायल हो गये हैं।

फादर लूचेरो काटूबीग नगर में पल्ली पुरोहित तथा कटारमान धर्मप्रान्तीय समाज कल्याण केन्द्र के निर्देशक थे। वे उत्तरी समर के विख्यात राजनितिज्ञ एवं पूर्व विधायक विलमार लूचेरो तथा प्रान्त के उपराज्यपाल अन्तोनियो लूचेरो के छोटे भाई थे।

जाँचकर्ताओं के अनुसार फादर लूचेरो की हत्या मानवाधिकारों की रक्षा हेतु उनके कार्यों से रुष्ठ लोगों का षड़यंत्र हो सकता है। कटारमान के धर्माध्यक्ष इमानुएल ट्रान्स ने आशा व्यक्त की है कि पुलिस शीघ्र ही अपराधियों का पता लगा सकेगी।

कटारमान धर्मप्रान्त के समाज कल्याण केन्द्र के अनुसार उत्तरी समर प्रान्त में विगत छः माहों के अन्तर्गत 18 व्यक्तियों की हत्या की गई जिनमें राजनीतिज्ञ, व्यापारी, उद्योगपति, कलीसियाई कार्यकर्त्ता एवं मीडिया कर्मी शामिल हैं।








All the contents on this site are copyrighted ©.