2009-09-01 12:43:21

भारतः स्वाइन फ़्लू से मरने वालों की संख्या 100 से अधिक


भारतीय स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि एच.वन एन.वन इनफ्लूएन्सा से देश में 100 से अधिक लोगों की मौतें हो गई है।
रिपोर्टों के अनुसार स्वाइन फ़्लू के कारण भारत में 100 से अधिक लोग मर गये हैं जबकि विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार 21 अगस्त तक दुनिया भर में 1799 मौते हुई हैं।
फ़्लू से मौत के ताज़ा मामले कर्नाटक, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र से सामने आए हैं। महामारी से मृत्यु के शिकार सबसे अधिक लोग पुणे के हैं।
भारत में एच1एन1 वायरस के करीब चार हज़ार मामलों के बारे में पता चला है। इसके प्रकोप को रोकने के लिये अनेक स्कूल अस्थाई तौर पर बंद कर दिए गए थे।
रिपोर्टों के मुताबिक पुणे में फ़्लू से 31 लोगों के मरने की पुष्टि हो चुकी है तथा शहर के विभिन्न अस्पतालों में 15 और रोगियों का उपचार किया जा रहा है। अब तक फ़्लू से सबसे ज़्यादा प्रभावित राज्य महाराष्ट्र रहा है जहाँ 48 लोग इससे मर चुके हैं जबकि तमिलनाडू में 15 और दिल्ली में 12 लोग इस महामारी से मृत्यु के शिकार हुए हैं।
सम्पूर्ण विश्व में एच1एन1 से 1700 से अधिक लोग मर चुके हैं। अप्रैल माह में सर्वप्रथम मेक्सिको में स्वाइन फ़्लू का वायरस सामने आया था और उसके बाद से ये दुनिया के कई देशों में फैल चुका है।
भारत में जिन लोगों में स्वाइन फ्लू पाया गया है उनमें वे लोग अधिक हैं जो विदेशों से लौटे हैं। भारत के सभी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डों पर लोगों की जाँच की जा रही है।
विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने चेतावनी दी है कि आने वाले समय में मौसम परिवर्तन के कारण विश्व के उत्तरी हिस्से में स्वाइन फ़्लू का ख़तरा और बढ़ सकता है।








All the contents on this site are copyrighted ©.