2009-08-21 17:14:00

फादर बेनी एक्का कोल्हान विश्वविद्यालय के प्रथम कुलपति बने


भारत के झारखंड राज्य में नवस्थापित कोल्हान विश्वविद्यालय के प्रथम कुलपति के रूप में राँची येसु धर्मसमाज प्रांत के पुरोहित फादर बेनी एक्का को नियुक्त किये जाने का विद्यार्थी समुदाय ने स्वागत किया है। राँची स्थित सुप्रसिद्ध जेवियर समाज सेवा संस्थान के निदेशक फादर बेनी एक्का को 12 अगस्त को कोल्हान विश्वविद्यालय का प्रथम कुलपति बनाया गया। उन्होंने राज्यपाल भवन में आधिकारिक रूप से 13 अगस्त को पदभार ग्रहण किया। ज्ञात हो कि भारत में सरकार द्वारा संचालित विश्वविद्यालयों के कुलाधिपति राज्यपाल होते हैं। फादर एक्का ने कहा कि यह सरकारी नियुक्ति उनके लिए महान आश्चर्य है लेकिन वे इसे चुनौती के रूप में स्वीकार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह अवसर उन्हें अल्पविकसित क्षेत्र में कार्य़ करने का मौका देगा जहाँ समाज का एक बड़ा तबका निर्धन और अल्पविकसित है। भारत के किसी विश्वविद्यालय के कुलपति बनाये जानेवाले फादर बेनी एक्का द्वितीय पुरोहित हैं। ज्ञात हो कि येसुसमाजी पुरोहित फादर सवारीमुत्थु इगनासिमुत्थु मद्रास विश्वविद्यालय के कुलपति बनाये गये थे लेकिन कुछ समय पूर्व राजनैतिक दबाव के कारण उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। कोल्हान विश्वविद्यालय के प्रथम कुलपति की नियुक्ति का समाचार प्राप्त होने पर चाईबासा में राज्य के भूतपूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान में संसद सदस्य श्री मधु कोड़ा के नेतृत्व में हजारों लोगों ने 13 अगस्त को विजय जुलूस निकाला और अपनी प्रसन्नता व्यक्त की। अनेक विद्यार्थियों और श्री कोड़ा ने कहा उनकी आशा है कि येसुसमाजी पुरोहित के नेतृत्व में कोल्हान विश्वविद्यालय आदर्श शैक्षणिक संस्थान बनेगा।









All the contents on this site are copyrighted ©.