2009-07-29 12:20:19

वियतनामः पुरोहितों एवं लोकधर्मियों पर पुलिस आक्रमण के बाद सम्पूर्ण वियतनाम में काथलिकों का विरोध प्रदर्शन


वियतनाम में दो पुरोहितों एवं कुछेक लोकधर्मियों पर पुलिस के बर्बर आक्रमण के बाद 28 जुलाई को देश के विभिन्न भागों में काथलिक धर्मानुयायियों ने विरोध प्रदर्शन किये तथा अपराधी पुलिस कर्मियों के लिये न्यायोचित दण्ड की मांग की।

एशिया समाचार के अनुसार 21 जुलाई को ताम तोवा पल्ली के लोगों पर पुलिस ने उस समय आक्रमण कर दिया था जब वे एक गिरजाघर की मरम्मत में लगे थे। 26 जुलाई को विन शहर में 170 पुरोहितों सहित लगभग पाँच लाख लोगों ने पुलिस की बर्बरता एवं अन्याय के विरुद्ध आवाज़ उठाते हुए एक विरोध प्रदर्शन का आयोजन किया था। प्रदर्शन आरम्भ करने से पूर्व जब फादर पौल दिन न्यूएन ख्रीस्तयाग के लिये जा रहे थे तब कुछ पुलिस कर्मियों ने बेवजह उनकी पिटाई कर दी तथा उन्हें गम्भीर रूप से जख्मी कर दिया। तदोपरान्त अस्पताल में भर्ती फादर पौल को देखने के लिये गये, एक अन्य पुरोहित, फादर पीटर न्यूएन बिन को कुछ ठगों ने अस्पताल कक्ष में प्रवेश नहीं करने दिया तथा अस्पताल की दूसरी मंज़िल से उन्हें फेंक दिया। इस समय फादर पीटर कोमा में हैं तथा उनकी हालत अति गम्भीर बताई गई है।

एशिया समाचार के अनुसार ताम तोवा पल्ली के काथलिक धर्मानुयायी उस गिरजाघर की मरम्मत में लगे थे जो 1968 में अमरीकी बमबारी में ध्वस्त हो गया था। इस गिरजाघर को सरकार ने सन् 1996 में अमरीकी युद्धोपराधों की कार्रवाई के लिये जब्त कर लिया था किन्तु पल्लीवासी अभी भी इसे पल्ली गिरजाघर मानते हैं। विगत फरवरी माह में विन के धर्माध्यक्ष पौल मारी दिन थूएन ने यहाँ 14 पुरोहितों के साथ ख्रीस्तयाग भी अर्पित किया था।








All the contents on this site are copyrighted ©.