2009-06-12 12:36:10

वियतनाम के सर्वाधिक वृद्ध काथलिक धर्माधिकारी का देहान्त


वियतनाम के सर्वाधिक वृद्ध काथलिक धर्माधिकारी धर्माध्यक्ष माईकिल नूएन खाक नू का दस जून को देहान्त हो गया। विगत 14 मार्च को धर्माध्यक्ष ने 100 वर्ष की आयु पूरी की थी। उनके शतवर्ष के उपलक्ष्य में लाँग जूएन धर्मप्रान्त में कार्डिनल जॉन बैपटिस्ट ने 21 महाधर्माध्यक्षों एवं 260 पुरोहितों के साथ लगभग 1000 श्रद्धालुओं के लिये ख्रीस्तयाग अर्पित किया था।
धर्माध्यक्ष माईकिल नू का जन्म सन् 1909 ई. में तथा पुरोहिताभिषेक सन् 1934 ई. में हुआ था। सन् 1954 ई. में वियतनाम में साम्यवादी शासन काल के आ जाने के बाद से काथलिक धर्म को उत्पीड़न का सामना करना पडा किन्तु धर्माध्यक्ष माईकिल नू कड़ी यातनाओं के बावजूद विश्वास, निष्ठा एवं अध्यवसायता के साथ काथलिक कलीसिया के अनुयायियों की प्रेरिताई में लगे रहे। सन् 1960 में आप लांग जूएन धर्मप्रान्त के पहले धर्माध्यक्ष नियुक्त किये गये थे।
सन् 1960 में इस धर्मप्रान्त में केवल 20 हज़ार काथलिक धर्मानुयायी थे किन्तु धर्माध्यक्ष माईकिल नू की प्रेरिताई इतनी सफल हुई कि आज धर्मप्रान्त में दो लाख 40 हजार काथलिक विश्वासी हैं। 240 पुरोहित लगभग 150 पल्लियों के माध्यम से इनकी प्रेरितिक देखरेख कर रहे हैं।











All the contents on this site are copyrighted ©.