2009-02-20 16:54:53

केन्या में दो धर्मबहनें मुक्त


केन्या में दो इताली धर्मबहनों को अपर्हताओं ने 18 फरवरी को मुक्त कर दिया। मिसना समाचार सेवा ने बताया कि कोंटेम्पलेटिव मिशनरी मूवमेंट फादर दी फूको धर्मसमाज की 67 वर्षीय धर्मबहन मारिया तेरेसा ओलिवेरो और 61 वर्षीय धर्मबहन कथरीना जिराउदो को 102 दिनों तक बंधक बना कर रखे जाने के बाद अपहर्ताओं ने मुक्त कर दिया। ज्ञात हो कि दोनों धर्मबहनों को केन्या के एलवाक से 9 नवम्बर को अपहरण कर सोमालिया ले जाया गया था। इन्हें बुधवार को सोमालिया के मोगादिसु में मुक्त किया गया। धर्मबहनों को रिहाई के तुरंत बाद विमान से नैरोबी स्थित इताली राजदूतावास लाया गया। धर्मबहनों ने बताया कि वे बहुत कठिन दौर से गुजरीं लेकिन उनके साथ अपहर्ताओं का व्यवहार ठीक ही था। धर्मबहन जिराउदो ने कहा कि अपने धार्मिक विश्वास के कारण वे निराश नहीं हुईं। वे प्रार्थना और आशा करना जारी रखीं। वाटिकन प्रवक्ता फादर फेदेरिको लोम्बार्दी ने कहा कि धर्मबहनों को मुक्त किये जाने का समाचार सुनकर उन्हें प्रसन्नता है। संत पापा ने भी अनेक बार इस स्थिति की चर्चा की थी। फादर लोम्बार्दी ने कहा कि विश्व के अन्य भागों में लोगों को बंधक बनाये जानेवाली घटनाओं से चिंता है। अपहरण का उपयोग राजनैतिक साधन के रूप में किये जाने की वे निन्दा करते हैं। ज्ञात हो कि धर्मबहनों को मुक्त किये जाने के लिए इटली की सरकार ने केन्या स्थित अपने राजदूतावास और वाटिकन ने केन्या में अपने प्रेरितिक राजदूत के माध्यम से बहुत काम किया।








All the contents on this site are copyrighted ©.