2009-01-28 12:03:16

रूसः प्राधिधर्माध्यक्ष किरिल रूसी ऑरथॉडॉक्स चर्च के नये धर्मगुरु


स्मोलेन्क्स और कालिनिनग्राड के 62 वर्षीय ऑरथॉडॉक्स प्राधिधर्माध्यक्ष किरिल मॉस्को तथा सम्पूर्ण रूस के नये धर्मगुरु नियुक्त किये गये हैं। मंगलवार को मॉस्को के क्राईस्ट द सेवियर महागिरजाघर में सम्पन्न मतदान में प्राधिधर्माध्यक्ष को 702 में से 508 मत प्राप्त हुए तथा उन्हें रूसी ऑरथोडॉक्स कलीसिया का नवधर्मगुरु घोषित कर दिया गया।

रविवार, पहली फरवरी को एक धर्मविधिक समारोह के दौरान प्राधिधर्माध्यक्ष किरिल अपना नया पद ग्रहण करेंगे। सन् 1990 से प्राधिधर्माध्यक्ष एलेक्सी द्वितीय मॉस्को तथा सम्पूर्ण रूस के ऑरथॉडॉक्स प्राधिधर्माध्यक्ष थे जिनका निधन पाँच दिसम्बर सन् 2008 को हो गया था। वे 79 वर्ष के थे।

प्राधिधर्माध्यक्ष किरिल विगत बीस वषों से मॉस्को तथा सम्पूर्ण रूस की ऑरथॉडॉक्स कलीसिया के विदेशी मामलों की देखरेख करते रहे हैं। काथलिक कलीसिया के साथ सम्बन्धों के सुधार हेतु भी उन्होंने प्रयास किये हैं। लगभग एक हज़ार वर्ष पूर्व रूसी ऑरथॉडॉक्स कलीसिया काथलिक कलीसिया से अलग हो गई थी।









All the contents on this site are copyrighted ©.