2008-11-21 15:23:52

न्यू-यॉर्क : संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने सोमालिया पर प्रतिबन्ध की घोषणा की


सोमालिया में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था न होने के कारण संयुक्त राष्ट्र संघीय सुरक्षा परिषद ने उसे विश्व की शांति और सुरक्षा के लिए खतरा बताते हुए गुरुवार को उसके खिलाफ यात्रा संबंधी प्रतिबंध लगा दिया और शांति प्रक्रिया में बाधक माने जा रहे कुछ लोगों के वित्तीय लेन-देन पर रोक लगा दी।

सुरक्षा परिषद ने उन व्यक्तियों और संगठनों पर भी हथियारों के लेन देन की रोक लगा दी जो संयुक्त राष्ट्र समिति की सूची में नहीं आते हैं। इन प्रतिबन्धों का उद्देश्य सोमालिया में अराजकता और हिंसा को समाप्त करना तथा सरकार को सुदृढ़ बनाना है।

संयुक्त राष्ट्र संघ में दक्षिण अफ्रीका के राजदूत डी. कुमालो के अनुसार सोमालिया के हालात दिन प्रति दिन अनियंत्रित एवं बेकाबू होते जा रहे हैं जबकि वहां जारी संघर्ष की वजह से बड़ी संख्या में लोग बेघर और विस्थापित हो रहे हैं। साथ ही निर्धनता की रेखा के नीचे जीवन यापन करने वालों की संख्या में नित्य वृद्धि हो रही है।

कुमालो के अनुसार जब तक सोमालिया में लड़ाकाओं को नियंत्रण में नहीं किया जायेगा तब तक स्थायी शांति संभव नहीं होगी। सोमालिया सरकार की मदद के लिए संयुक्त राष्ट्र संघीय सुरक्षा परिषद शांति सुरक्षा बलों की तैनाती पर भी विचार कर रही है।









All the contents on this site are copyrighted ©.