2008-09-30 09:07:58

वाटिकन सिटीः विश्व सम्प्रेषण दिवस 2009 का विषय प्रकाशित


वाटिकन ने सोमवार को विश्व सम्प्रेषण दिवस 2009 के विषय की प्रकाशना की। 43 वें विश्व सम्प्रेषण दिवस का विषय हैः नई तकनीकियाँ, नये रिश्ते, सम्मान की संस्कृति को बढ़ावा, वार्ता एवं मैत्री।

समाजिक सम्प्रेषण सम्बन्धी परमधर्मपीठीय समिति के प्रधान कार्डिनल क्लाओदिओ मरिया चेल्ली ने पत्रकारों के समक्ष उक्त विषय की प्रकाशना कर कहा कि यह विषय प्रेस तथा उसकी सम्भावनाओं में सन्त पापा के विश्वास को प्रतिबिम्बित करता है। उन्होंने कहा कि सन्त पापा ने सम्प्रेषण कर्ताओं के समक्ष एक ऐसी निर्देशिका रख दी है जो उन्हें उनके कर्त्तव्यों एवं दायित्वों का स्मरण दिलाती है।

उन्होंने कहा कि सन्त पापा सम्प्रेषण कर्ताओं को याद दिलाना चाहते हैं कि नवीन तकनीकियों एवं नवीन सम्भावनाओं की पृष्टभूमि में उनसे मांग की जाती है कि वे अपने कार्यों द्वारा सम्मान भाव, मैत्री एवं समझदारी की नई संस्कृति का निर्माण करें। उन्होंने कहा कि सन्त पापा यह चेतना जाग्रत करना चाहते हैं कि वर्तमान मीडिया के पास वे सम्भावनाएँ हैं जो विश्व में घृणा एवं प्रतिशोध के बदले वार्ता, पुनर्मिलन, समझदारी, आपसी सम्मान एवं मैत्री को बढ़ावा दे सकती हैं।

विश्व सम्प्रेषण दिवस 2009, 31 मई को मनाया जायेगा। इस दिन के लिये सन्त पापा बेनेडिक्ट 16 वें के सन्देश की प्रकाशना 24 जनवरी को सन्त फ्राँसिस द सेल्स के पर्व पर की जायेगी।











All the contents on this site are copyrighted ©.