2008-08-19 12:40:52

तिबलीसीः काओकासुस के प्रेरितिक प्रशासक सन्त पापा के प्रति आभारी


काओकासुस के प्रेरितिक प्रशासक धर्माध्यक्ष जुस्सेप्पे पास्सोत्तो ने जॉर्जिया के पक्ष में अपील के लिये सन्त पापा बेनेडिक्ट 16 वें के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया है। रविवार को देवदूत प्रार्थना के बाद सन्त पापा ने जॉर्जिया की जनता को लोकोपकारी सहायता प्रदान करने हेतु विश्व से अपील की थी।

एशिया समाचार से धर्माध्यक्ष पास्सोत्तो ने कहा कि जॉजिया के प्रति सन्त पापा की चिन्ता हेतु वे ईश्वर को धन्यवाद देते हैं। उन्होंने कहा कि सन्त पापा के शब्दों ने जॉर्जिया की जनता को संकट के बावजूद बल प्रदान किया है।

धर्माध्यक्ष पास्सोत्तो ने कहा कि इस समय जॉर्जिया के लोग आपस में एक दूसरे की मदद का प्रयास कर रहें हैं किन्तु स्थिति बहुत खराब है और बहुत से लोग भय के कारण अपने घरों से पलायन कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि कज़क एवं चेचेन सहित कई अर्ध सैनिक दल गोरी तथा आसपास के गाँवों में लूट मचा रहे हैं जिनके प्रति रूसी सैनिक लापरवाह हैं।

ग़ौरतलब है, युद्ध विराम के तहत रूस ने वादा किया था कि रूसी सेना सोमवार तक जॉर्जिया से हटा ली जायेगी किन्तु अभी भी ऐसा नहीं हुआ है। बताया जाता है कि गोरी में रूसी सेना का नियंत्रण है जो लोगों के आवागमन पर रोक लगा रही है तथा स्वयंसेवकों के मिशन में दखल दे रही है।








All the contents on this site are copyrighted ©.