2008-08-13 13:23:06

इण्डोनेशिया में काथलिक पुरोहित का अपहरण


इण्डोनेशिया की राजधानी जकार्ता के दक्षिणी भाग स्थित बिनतारो में 12 अगस्त की रात्रि, काथलिक पुरोहित फादर बेन्नी सुसेत्यो का अपहरण कर लिया गया। फादर बेन्नी सुसेत्यो इण्डोनेशियाई धर्माध्यक्षीय सम्मेलन की अन्तरधार्मिक वार्ता सम्बन्धी समिति के सचिव हैं।

बताया जाता है कि मंगलवार रात्रि कुछ उग्रवादी तत्वों ने फादर के निवास में प्रवेश किया, उनका अपहरण किया तथा उनकी पिटाई कर कुछ समय बाद उन्हें घायल छोड़ दिया। इस समय वे जकार्ता के एक अस्पताल में हैं जहाँ अनेक मानवाधिकार कार्यकर्त्ताओं ने उनकी भेंट की।

पुलिस का कहना है कि किसी प्रकार की रिपोर्ट दर्ज़ न किये जाने के कारण वह मामले की छानबीन नहीं कर रही है।

फादर सुसेत्यो देश और धार्मिक स्वतंत्रता नामक संगठन के भी सक्रिय सदस्य हैं जिसका विरोध रूढ़िवादी मुसलमान करते रहे हैं। यह संगठन देश के अल्पसंख्यकों जैसे अहमदिया इस्लाम धर्मानुयायियों के हित में काम करता रहा है जिन्हें रूढ़िवादी मुसलमान पसन्द नहीं करते हैं।








All the contents on this site are copyrighted ©.