2008-07-30 12:59:24

मॉस्को तथा कुस्तुनतुनिया के ऑरथोडोक्स प्राधिधर्माध्यक्षों ने वार्ताओं की आवश्यकता को पहचाना


रूसी ऑरथोडोक्स ख्रीस्तीयों के धर्मगुरु एवं मॉस्को के प्राधिधर्माध्यक्ष एलेक्सी द्वितीय ने यूक्रेन में ख्रीस्तीय धर्म की 1,020 वीं जयन्ती पर, कुस्तुनतुनिया के ऑरथोडोक्स प्राधिधर्माध्यक्ष बारथोलोम प्रथम के साथ महायाग अर्पित कर आठ वर्षीय विवाद को समाप्त कर दिया। यूक्रेन के कीव शहर में जयन्ती समारोहों का आयोजन किया गया था।

एशिया समाचार के अनुसार जयन्ती समारोहों के बाद स्वयं प्राधिधर्माध्यक्ष एलेक्सी ने घोषित किया कि वे अक्तूबर माह के लिये निर्धारित अखिल ऑरथोडोक्स धर्माध्यक्षीय धर्मसभा में भाग लेंगे। ग़ौरतलब है कि रूसी ऑरथोडोक्स ख्रीस्तीयों के धर्मगुरु एलेक्सी द्वितीय ने सन् 2000 से अखिल ऑरथोडोक्स धर्माध्यक्षीय धर्मसभा में भाग नहीं लिया था।

कीव शहर में सम्पन्न जयन्ती समारोहों के उपरान्त मॉस्को के प्राधिधर्माध्यक्ष एलेक्सी द्वितीय तथा कुस्तुनतुनिया के प्राधिधर्माध्यक्ष बारथोलोम प्रथम दोनों ने एक संयुक्त वकतव्य प्रकाशित कर वार्ताओं की आवश्यकता पर बल दिया। प्राधिधर्माध्यक्ष बारथोलोम ने कहा कि ऑरथोडोकस कलीसिया का एकता के लिये वार्ता नितान्त आवश्यक एवं महत्वपूर्ण है। प्राधिधर्माध्यक्ष एलेक्सी द्वितीय ने भी इस बात को स्वीकार किया कि सभी समस्याओं का समाधान वार्ताओं द्वारा प्राप्त किया जाना चाहिये।

मॉस्को की प्राधिधर्माध्यक्षीय पीठ से अलग हुई यूक्रेन की स्वतंत्र ऑर्थोडोक्स कलीसिया को लेकर मॉस्को तथा कुस्तुनतुनिया की ऑरथोडोक्स कलीसियाओं में विवाद उत्पन्न हो गये थे। मॉस्को के प्राधिधर्माध्यक्ष एलेक्सी द्वितीय तथा कुस्तुनतुनिया के प्राधिधर्माध्यक्ष बारथोलोम प्रथम द्वारा जारी उक्त संयुक्त वकतव्य इन विवादों को समाप्त करने की दिशा में एक निर्णायक कदम माना जा रहा।








All the contents on this site are copyrighted ©.