2018-04-19 16:13:00

सुसमाचार प्रचार, पवित्र आत्मा का कार्य, संत पापा


वाटिकन सिटी, बृहस्पतिवार, 19 अप्रैल 2018 (रेई)˸ वाटिकन स्थित प्रेरितिक आवास संत मर्था के प्रार्थनालय में बृहस्पतिवार 19 अप्रैल को, ख्रीस्तयाग अर्पित करते हुए संत पापा फ्राँसिस ने पवित्र आत्मा के कार्यों पर प्रकाश डाला जो ख्रीस्तीयों को सुसमाचार प्रचार हेतु प्रेरित करते हैं।

प्रवचन में संत पापा ने याद दिलाया कि हर ख्रीस्तीय का एक कर्तव्य एवं मिशन है, सुसमाचार प्रचार करना। उठना, करीब आना एवं वास्तविक परिस्थिति में आरम्भ करना, ये तीन कुँजियाँ हैं जो सुसमाचार प्रचार को आगे ले चलती हैं। 

अत्याचार की हवा ईश वचन बोती है

संत पापा ने कहा कि "अत्याचार की हवा" जिसको आरम्भिक ख्रीस्तीयों ने अनुभव किया था, उन्हें येरूसालेम से बाहर यूदा एवं समारिया के दूसरे हिस्सों में ले गयी, ठीक उसी तरह जिस तरह पौधे के बीजों को हवा बिखेरती एवं दूसरी जगहों पर बो देती है। कलीसिया में भी यही हुआ वे वचन के बीज के साथ कई जगहों पर चले गये तथा उसे वहाँ बोया। अत्याचार की हवा से शिष्यों ने सुसमाचार का प्रचार किया, प्रभु इसी तरह सुसमाचार का प्रचार करते हैं और हम से भी यही मांग करते हैं।

उठो और जाओ

संत पापा ने कहा सुसमाचार का प्रचार करना धर्मांतरण नहीं है। सच्चा सुसमाचार प्रचार पवित्र आत्मा का कार्य है। यह आत्मा ही है जो रहस्यात्मक तरीके से हमारा मार्गदर्शन करता है कि हम कहाँ जायें तथा येसु के नाम पर किन्हें सुसमाचार सुनायें। ईश्वर के दूत ने फिलिप से कहा "उठिए, येरूसालेम से गाजा जाने वाले मार्ग पर दक्षिण की ओर जाइये।"  

ईश्वर के दूत द्वारा फिलिप को कहे गये शब्दों की व्याख्या करते हुए संत पापा ने कहा, आराम कुर्सी पर सुसमाचार प्रचार नहीं होता। यह हमेशा चलयमान है। संत पापा ने उन सभी मिशनरियों की याद की जिन्होंने सुदूर क्षेत्रों में सुसमाचार का प्रचार करने के लिए अपना सब कुछ छोड़ दिया।

वास्तविक परिस्थिति का सामना करने के लिए उसके करीब आना

संत पापा ने कहा कि सुसमाचार प्रचार हेतु सिद्धातों से आरम्भ करने की अपेक्षा उस परिस्थिति में घुसने की आवश्यकता है। इसका उदाहरण संत पापा ने फिलिप के सुसमाचार प्रचार को दिया जिसने इथोपियाई खोजे को सुसमाचार सुनाया।

उन्होंने कहा, "सुसमाचार प्रचार सैद्धांतिक नहीं है बल्कि व्यक्ति पर निर्भर करता है। इसका शुरूआती विन्दु परिस्थिति है न कि सिद्धांत। फिलिप ने येसु का प्रचार किया तथा आत्मा ने उन्हें बपतिस्मा देने हेतु प्रेरित किया। अतः हमें उस दूरी तक जाना चाहिए जहाँ तक काम करना पड़े, यही सुसमाचार प्रचार है।" 








All the contents on this site are copyrighted ©.